Print

SEBI ने जून में SCORES प्लेटफॉर्म के जरिए 5,000 से ज्यादा निवेशकों की शिकायतों का किया निपटारा

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने जून 2026 में अपने ऑनलाइन शिकायत निवारण प्लेटफॉर्म SCORES के जरिए 5,037 निवेशक शिकायतों का निपटारा किया। इस दौरान कुल 5,035 नई शिकायतें भी दर्ज हुईं।

सेबी के जारी आंकड़ों के अनुसार, जून के अंत तक लंबित शिकायतों की संख्या 5,537 से घटकर 5,524 रह गई। यानी महीने के दौरान लंबित मामलों में हल्की कमी दर्ज की गई।

सेबी ने बताया कि जून के आखिर तक सूचीबद्ध कंपनियों और बाजार से जुड़े संस्थानों से संबंधित केवल 17 शिकायतें ऐसी थीं, जो तीन महीने से अधिक समय से लंबित थीं। इनमें आदित्य बिड़ला मनी लिमिटेड, फिनोलेक्स इंडस्ट्रीज और एचबीएल पावर सिस्टम्स जैसी कंपनियों से जुड़ी शिकायतें शामिल हैं।

नियामक के मुताबिक, जून में कंपनियों और संबंधित संस्थानों ने निवेशकों की शिकायतों पर औसतन 4 दिन में एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) जमा की। वहीं, पहले स्तर की समीक्षा (First-Level Review) वाली शिकायतों का औसत निपटारा 8 दिन में किया गया।

सेबी ने यह भी स्पष्ट किया कि लंबित शिकायतों के आंकड़ों में ऐसे मामले भी शामिल हैं, जिनमें संबंधित संस्थाओं ने तय समय के भीतर ATR जमा कर दी है, लेकिन यदि निवेशक जवाब से संतुष्ट नहीं होता तो उसे समीक्षा (Review) का अधिकार होता है।

SCORES 2.0 व्यवस्था के तहत निवेशकों की शिकायतें सीधे संबंधित कंपनी या संस्था को भेजी जाती हैं, जिसे 21 दिनों के भीतर ATR जमा करनी होती है। यदि शिकायतकर्ता जवाब से संतुष्ट नहीं होता, तो वह 15 दिनों के भीतर प्रथम स्तर की समीक्षा का अनुरोध कर सकता है। इसके बाद भी असंतोष होने पर दूसरे स्तर की समीक्षा में सेबी खुद मामले की जांच करती है। इसके अलावा, निवेशक ऑनलाइन विवाद समाधान (ODR) प्रणाली का भी विकल्प चुन सकते हैं।

-IANS