प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता की सराहना की है। उन्होंने इसे माओवाद के खिलाफ ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और दोहराया कि सरकार देश से माओवादी आतंक को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट का जवाब देते हुए कहा, “इस उल्लेखनीय सफलता के लिए हमारे बलों पर गर्व है। हमारी सरकार माओवाद के खतरे को समाप्त करने और हमारे लोगों के लिए शांति और प्रगति से भरपूर जीवन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर जानकारी दी कि आज बुधवार को छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में हुए एक बड़े अभियान में सुरक्षा बलों ने 27 कुख्यात माओवादियों को मार गिराया है। इनमें भारत में माओवादी आंदोलन के शीर्ष नेता और सीपीआई (माओवादी) के महासचिव नाम्बाला केशव राव उर्फ बसवराजू भी शामिल हैं। यह पिछले तीन दशकों में पहली बार हुआ है जब इतना उच्च स्तर का माओवादी नेता मारा गया है।
इसके अलावा गृह मंत्री ने बताया कि “ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट” की समाप्ति के बाद कुल 54 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है और 84 नक्सलियों ने छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में आत्मसमर्पण किया है। सरकार ने लक्ष्य तय किया है कि 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा।-(PIB)


