हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में गुरुवार रात से लगातार हो रही बर्फबारी के कारण कई ऊंचाई वाले रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। शिंकुला दर्रा, बारालाचा दर्रा, कुंजुम टॉप और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में सड़क की स्थिति असुरक्षित होने के चलते प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
लाहौल-स्पीति पुलिस की ओर से जारी सार्वजनिक एडवाइजरी के अनुसार, शिंकुला टॉप और बारालाचा टॉप की ओर जाने वाले सभी वाहनों को दारचा पुलिस पोस्ट पर रोक दिया गया है। इसी तरह कुंजुम टॉप की ओर वाहनों की आवाजाही लोसर चेक पोस्ट पर बंद कर दी गई है। ग्राम्फू से छत्रू और कुंजुम टॉप की ओर जाने वाला रास्ता भी बंद कर दिया गया है।
पुलिस ने कहा कि आपात स्थिति में सड़क और मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए केवल स्नो चेन लगे 4×4 वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति दी जा सकती है। पुलिस ने पर्यटकों और आम लोगों से जिला प्रशासन तथा पुलिस की एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने और मौसम व सड़क की स्थिति में सुधार होने तक ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा से बचने की अपील की है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि जरूरी काम से इन इलाकों में जाने वाले लोगों को पहले अनुमति लेनी होगी। उन्हें स्नो चेन लगे 4×4 वाहनों का ही इस्तेमाल करना होगा और अपने साथ पर्याप्त गर्म कपड़े रखने होंगे। लाहौल-स्पीति पुलिस ने लोगों से सहयोग करने और जोखिम न उठाने की अपील करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रोहतांग पास और मढ़ी में भी बर्फबारी
इस बीच, शुक्रवार सुबह रोहतांग पास और मढ़ी में भी ताजा बर्फबारी शुरू हो गई। रोहतांग पास पर करीब 4-5 इंच और मढ़ी में लगभग एक इंच बर्फ दर्ज की गई है।
मनाली पुलिस के अनुसार, पर्यटकों और आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मढ़ी से रोहतांग पास की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। केवल आपातकालीन वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जा रही है।
गुलाबा बैरियर पर भी जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, जो वाहन पहले ही मढ़ी पहुंच चुके थे, उन्हें सुरक्षित तरीके से वापस मनाली भेजा जा रहा है। (इनपुट-एएनआई)


