Print

राजस्थान में भीषण गर्मी, पारा 46 डिग्री के पार

राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। इस बीच मौसम विभाग ने जयपुर, अलवर और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

पिछले 24 घंटों में बाड़मेर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जैसलमेर भी पीछे नहीं रहा और यहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा कोटा और चित्तौड़गढ़ में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राज्य में कई जगहों पर हीटवेव और गर्म रातों का असर देखने को मिल रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि कुछ इलाकों में मौसम ने करवट भी ली। जैसलमेर, बीकानेर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में शाम के समय बादल छाए और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश व धूल भरी आंधी चली।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी गर्मी का असर बना रहेगा और तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। हालांकि दोपहर के समय कुछ जिलों में आंशिक बादल, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने से थोड़ी राहत मिल सकती है।

विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 28 से 30 अप्रैल के बीच मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है, जिससे भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है।

(इनपुट-आईएएनएस)