प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

19/05/24 | 10:47 am | Heatwave Alert | IMD

पंजाब-हरियाणा सहित 6 राज्यों में गंभीर हीटवेव का अलर्ट, दिल्ली और राजस्थान में 46 डिग्री पहुंचा पारा

देश के उत्तर-पश्चिमी राज्य इस वक्त भीषण गर्मी की चपेट में हैं। आज रविवार को लगातार तीसरे दिन कई राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में रेड अलर्ट है। उत्तर प्रदेश और बिहार में ऑरेंज अलर्ट है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक इन राज्यों में अगले 5 दिनों तक भीषण गर्मी पड़ेगी। 23 मई तक दिल्ली हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हीटवेव का असर सबसे ज्यादा रहेगा। इस दौरान लोगों को बढ़ते तापमान के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग ने बच्चे, बुजुर्ग और पुरानी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। लंबे समय तक धूप में रहने वाले या काम करने वाले लोगों के बीमार पड़ने की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में दिन के साथ रात भी गर्म होगी।

दिल्ली-राजस्थान में पारा 46 डिग्री पहुंचा

बीते शनिवार (18 मई) को कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी लू चली। दिल्ली और राजस्थान में तापमान 46 डिग्री पहुंच गया। दिल्ली के मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 46.8 पहुंच गया। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश में कम से कम 20 जगहों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया।

पहाड़ों पर भी राहत नहीं

गर्मी से बचने के लिए लोग पहाड़ों को रुख कर रहे हैं। हालांकि, वहां भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। जम्मू में शनिवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में जम्मू-कश्मीर में छिटपुट बारिश की भविष्यवाणी की है।

हिमाचल प्रदेश में भी लोग चिलचिलाती गर्मी से जूझ रहे हैं। रविवार (19 मई) को राज्य के सात जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। शनिवार (18 मई) को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 6.4 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। धर्मशाला में तापमान 36.1 डिग्री और शिमला में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

केरल में 20 मई तक भारी बारिश का अलर्ट

देश के बाकी हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच दक्षिणी राज्यों में बारिश हो रही है। केरल में 18 मई से 20 मई तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 19 और 20 मई के लिए राज्य के पथानामथिट्टा, कोट्टायम और इडुक्की जिलों में बारिश की संभावना है। 21 मई को नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है। बारिश के दौरान बाढ़ और लैंडस्लाइड की आशंका है। 19 से 22 मई के बीच केरल में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। सीएम पिनाराई विजयन ने पहाड़ी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी है।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5535706
आखरी अपडेट: 27th Jul 2024