विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो धरती पर जीवन सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक पौधा लगाने का कार्य नहीं, बल्कि मानवता, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों की रक्षा का अभियान है। पेड़ बचेंगे तो जल, जंगल, जमीन और जैव विविधता सुरक्षित रहेगी तथा वर्षा, नदियों और मिट्टी का संरक्षण भी संभव होगा।
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
शिवराज सिंह चौहान ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानने और वृक्षारोपण को जीवन का नियमित हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल हरियाली नहीं, बल्कि जीवन, जैव विविधता और भविष्य की सुरक्षा का आधार हैं। उन्होंने कहा कि यदि पर्यावरण को बचाना है तो वृक्षारोपण को जनआंदोलन का रूप देना होगा, क्योंकि “पेड़ हैं तो हम हैं”।
पांच साल पहले लगाया पौधा बना विशाल वटवृक्ष
स्मार्ट सिटी पार्क में वर्ष 2021 में लगाए गए वटवृक्ष का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने अमरकंटक से प्रतिदिन पौधरोपण का संकल्प लिया था और भोपाल आने के बाद सबसे पहले यही पौधा लगाया था। उन्होंने बताया कि आज वह पौधा विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। वृक्ष पर पक्षियों का कलरव और जीव-जंतुओं की गतिविधियां देखकर उन्हें अत्यंत संतोष और आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बच्चों का लालन-पालन उन्हें विकसित करता है, उसी प्रकार एक पौधा समय के साथ विशाल वृक्ष बनकर समाज और प्रकृति की सेवा करता है।
विशेष अवसरों को वृक्षारोपण से जोड़ने की अपील
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यदि प्रतिदिन पौधरोपण संभव नहीं है तो लोग जीवन के विशेष अवसरों पर पौधे अवश्य लगाएं। उन्होंने जन्मदिन, विवाह, विवाह वर्षगांठ, बच्चों के जन्मदिन और माता-पिता की स्मृति जैसे अवसरों को वृक्षारोपण से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से देशभर में लाखों लोग अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगा रहे हैं। उन्होंने भी अपनी माता स्वर्गीय सुंदर देवी की स्मृति में पौधरोपण किया।
साढ़े पांच वर्षों से जारी है प्रतिदिन पौधरोपण का संकल्प
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पर्यावरण केवल भाषणों और चर्चाओं से सुरक्षित नहीं होगा, इसके लिए धरातल पर कार्य करना आवश्यक है। इसी सोच के साथ उन्होंने वर्षों पहले प्रतिदिन पौधरोपण का संकल्प लिया था, जो आज भी जारी है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े पांच वर्षों में ऐसा कोई दिन नहीं बीता, जब उन्होंने पौधा न लगाया हो। अब बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और नागरिक भी इस अभियान से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ रही है और नई पीढ़ी इसे अपने जीवन का हिस्सा बना रही है। (इनपुट: पीआईबी)


