भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त ने असम में जीत के लिए हिमंता बिस्वा सरमा को दी बधाई

भारत में सिंगापुर के उच्चायोग ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता हिमंता बिस्वा सरमा को बधाई दी। असम में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए को जबरदस्त जीत मिली है। इसी को लेकर भारत में सिंगापुर के उच्चायोग ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता हिमंता बिस्वा सरमा को बधाई दी। 

बताना चाहेंगे, असम में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए को जबरदस्त जीत मिली है। चुनाव में एनडीए की जीत के बाद हिमंता बिस्वा सरमा ने आज मंगलवार को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए असम के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की।

उच्चायुक्त ने सिंगापुर को असम का “भरोसेमंद दोस्त” बताया, राज्य के विकास के लिए दोहराया समर्थन

भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में सरमा को शुभकामनाएं दीं और असम की निरंतर प्रगति और विकास में सहयोग देने के लिए सिंगापुर की प्रतिबद्धता दोहराई। सिंगापुर को असम का “भरोसेमंद दोस्त” बताते हुए वोंग ने कहा कि यह द्वीपीय देश कई क्षेत्रों में पूर्वोत्तर राज्य के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए उत्सुक है।

उच्चायुक्त ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “हमारे प्यारे दोस्त हिमंता बिस्वा सरमा को बहुत-बहुत बधाई। मुख्यमंत्री के तौर पर आपका नया कार्यकाल निश्चित रूप से असम को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। आपके भरोसेमंद दोस्त के रूप में हम हमेशा की तरह असम के साथ खड़े रहेंगे।”

असम विधानसभा चुनावों में एनडीए ने अहम जीत की हासिल

भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस ने असम विधानसभा चुनावों में अहम जीत हासिल की। इससे सरमा के एक और कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का रास्ता साफ हो गया।

असम और सिंगापुर ने काफी क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाया

पिछले कुछ वर्षों में असम और सिंगापुर ने औद्योगिक निवेश, तकनीक, बुनियादी ढांचे और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग को काफी बढ़ाया है। सिंगापुर, भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी के तहत राज्य के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय साझेदारों में से एक बनकर उभरा है।

2026 की शुरुआत से असम-सिंगापुर संबंधों में आर्थिक साझेदारी

2026 की शुरुआत से असम-सिंगापुर संबंधों में आर्थिक साझेदारी, ग्रीन एनर्जी पहल, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग और शहरी नियोजन सहयोग पर तेजी से फोकस हुए हैं। इनमें से कई पहलों को राज्य के “एडवांटेज असम 2.0” कार्यक्रम में शामिल किया गया है, जिसका उद्देश्य वैश्विक निवेश को आकर्षित करना और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना है।

असम सरकार जगीरोड के इलेक्ट्रॉनिक सिटी प्रोजेक्ट में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम के डेवलपमेंट के लिए सिंगापुर की कंपनियों को भी सक्रिय रूप से शामिल कर रही है। जनवरी 2026 में सरमा ने असम और सिंगापुर के बीच सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम से भी मुलाकात की थी।

सिंगापुर में कुशल कामगारों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना 

औद्योगिक और निवेश सहयोग के अलावा, दोनों पक्षों ने नर्सिंग कौशल विकास और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सहयोग के लिए एक एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य सिंगापुर में कुशल कामगारों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है। अधिकारियों के अनुसार, सरमा के दूसरे कार्यकाल में असम और सिंगापुर के बीच साझेदारी के और मजबूत होने की उम्मीद है, खासकर एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, स्वच्छ ऊर्जा, हेल्थकेयर प्रशिक्षण और शहरी बुनियादी ढांचा विकास जैसे क्षेत्रों में। (इनपुट-एजेंसी)