दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – सोमनाथ यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विशेष यात्रा के तहत राष्ट्रीय राजधानी से 1,400 से अधिक श्रद्धालु गुजरात स्थित पवित्र सोमनाथ मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने इस यात्रा के लिए एक विशेष ट्रेन को रवाना किया, जो अगले दिन सुबह सोमनाथ पहुंचेगी। श्रद्धालु 1 मई से 3 मई तक वहां ठहरेंगे, जहां उन्हें सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के साथ-साथ आसपास के अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा। पूरी यात्रा निःशुल्क आयोजित की गई है, जिसमें गुजरात सरकार द्वारा आवास, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि यह यात्रा सोमनाथ मंदिर के 1,000 वर्षों की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने इसे गर्व का विषय बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को एक साथ दर्शन के लिए भेजना महत्वपूर्ण पहल है।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – सोमनाथ यात्रा’ का उद्देश्य लोगों को उनकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ना है। यह कार्यक्रम भारत की धार्मिक विरासत और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और आरामदायक हो सके।
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भी इस पहल की सराहना की। एक श्रद्धालु ने कहा कि सरकार द्वारा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देना सराहनीय कदम है। वहीं, एक अन्य यात्री ने ट्रेन में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए इसे यादगार अनुभव बताया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने 28 अप्रैल को इस यात्रा की घोषणा करते हुए इसे “अटूट आस्था के 1,000 वर्षों” को समर्पित बताया था और कहा था कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं से जुड़ने का एक विशेष अवसर है।
(इनपुट-आईएएनएस)


