प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

05/06/24 | 9:52 am

मध्य प्रदेश में भाजपा ने किया क्लीन स्वीप, एक सीट भी नहीं जीत पाई कांग्रेस

लोकसभा चुनाव 2024 के अंतर्गत मंगलवार को मतगणना के बाद देर रात मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्यप्रदेश में क्लीन स्वीप किया है। कांग्रेस को यहां एक भी सीट भी नहीं मिल पाई है। भाजपा ने प्रदेश की सभी 29 सीटों पर जीत दर्ज की है। इंदौर में भाजपा को लोकसभा इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी जीत मिली है। यहां से शंकर लालवानी रिकॉर्ड 11 लाख 75 हजार 92 वोट से जीते हैं।

प्रदेश सहित देश भर में मिली जीत पर भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार शाम को विजय उत्सव मनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित वरिष्ठ नेतृत्व ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और जनता का आभार जताया।

इंदौर में भाजपा को लोकसभा इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी जीत

नतीजों की बात करें तो इंदौर में भाजपा को लोकसभा इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी जीत मिली है। यहां से शंकर लालवानी रिकॉर्ड 11 लाख 75 हजार 92 वोट से जीते हैं। इंदौर सीट पर दूसरे नंबर पर नोटा रहा। यहां नोटा को दो लाख 18 हजार 674 वोट मिले हैं। यह भी एक रिकॉर्ड है। इससे पहले इतिहास में एक सीट पर नोटा को इतने वोट नहीं मिले हैं। इंदौर में तीसरे नंबर पर रहे बसपा प्रत्याशी को 51659 वोट मिले हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की 8 लाख 21 हजार 408 वोटों से जीते

वहीं, विदिशा से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की 8 लाख 21 हजार 408 वोटों से जीत हुई है। गुना सीट से सिंधिया की पांच लाख से ज्यादा वोटों से जीत हुई है। वहीं भोपाल से भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा और खजुराहो से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी पांच लाख से ज्यादा वोटों से जीते हैं।

कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह एक लाख 40 हजार से ज्यादा वोटों से हारे

राजगढ़ सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह एक लाख 40 हजार से ज्यादा वोटों से हार गए। छिंदवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ भी हारे हैं। यहां से भाजपा के विवेक बंटी साहू ने एक लाख 13 हजार 618 वोटों से जीत हासिल की। रतलाम सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया भी हार गए हैं।

तीनों केंद्रीय मंत्री जीते

गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पांच लाख 40 हजार 929 वोट से जीते हैं। टीकमगढ़ में वीरेंद्र कुमार खटीक को 4 लाख 3 हजार 312 और मंडला सीट से केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते एक लाख 3 हजार 846 वोटों से जीत मिली है।

प्रचंड जीत की बधाई

लोकसभा चुनाव में मिली विजय पर मंगलवार देर शाम भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए उनके अथक परिश्रम की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी। साथ ही देश और प्रदेश के लाखों लाख कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए जनता का आभार व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर ढोल-ढमाकों के साथ अपनी खुशियां जाहिर की। कार्यकर्ताओं ने मोदी है तो मुमकिन है और भाजपा जिंदाबाद के नारे बुलंद करते हुए एक दूसरे का मुंह मीठा कराते हुए प्रचंड जीत की बधाई दी।

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5531326
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024