भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को सकारात्मक शुरुआत हुई। एशियाई बाजारों में बढ़त और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से घरेलू बाजार को सपोर्ट मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 298.99 अंक यानी 0.41 प्रतिशत बढ़कर 72,771.32 पर खुला, जबकि निफ्टी 72.75 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,593.20 पर पहुंचा।
शुरुआती कारोबार में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त में रहे। निफ्टी मीडिया, निफ्टी ऑटो और निफ्टी केमिकल्स में 1 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी रियल्टी, ऑयल एंड गैस, सीमेंट, मेटल और आईटी इंडेक्स में 0.64 से 0.81 प्रतिशत तक की बढ़त रही। दूसरी ओर, निफ्टी PSU बैंक में मामूली 0.01 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
घरेलू सकारात्मक कारकों के मुकाबले वैश्विक दबाव बाजार पर ज्यादा हावी हैं। कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड का ऊंचा स्तर बाजार को प्रभावित कर सकते हैं। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली निकट अवधि में जारी रह सकती है, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) इस बिकवाली को संभालते रह सकते हैं।
हालांकि, वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 7.1 प्रतिशत की GDP ग्रोथ का अनुमान और कंपनियों की बेहतर होती लाभप्रदता बाजार को मजबूत बुनियादी समर्थन दे रहे हैं।
इस बीच, एशियाई बाजारों में निवेशक कंपनियों के तिमाही नतीजों के सीजन से पहले सतर्क रहे। प्रौद्योगिकी कंपनियों के ऊंचे वैल्यूएशन पर भी नजर बनी हुई है। ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के समझौते के बाद रूस से तेल की आपूर्ति बढ़ने की संभावनाओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई।
(इनपुट- आईएएनएस)


