पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच बढ़ते कच्चे तेल की कीमतों के चलते हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को लगातार तीसरे सत्र में भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। इस बीच घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्कों में करीब 1 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
बाजार बंद होने के समय सेंसेक्स 715.06 प्रतिशत या 0.92 प्रतिशत गिरकर 76,755.05 पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी50 191.45 अंक या 0.79 प्रतिशत गिरकर 23,996.25 पर आ गया।
निफ्टी50 इंडेक्स में इंडिगो, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, इंफोसिस, एक्सिस बैंक, एसबीआई, मैक्स हेल्थ और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली, तो वहीं, बजाज-ऑटो, नेस्ले इंडिया, टाटा कंज्यूमर और इटरनल के शेयर सबसे ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुए।
व्यापक बाजार में, निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप क्रमशः 1.09 प्रतिशत और 1.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
सेक्टरवार देखें तो, निफ्टी मीडिया सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला क्षेत्र रहा, जिसमें 2.68 प्रतिशत की गिरावट आई, इसके बाद निफ्टी रियल्टी (-2.6 प्रतिशत), निफ्टी पीएसयू बैंक (-1.8 प्रतिशत), निफ्टी प्राइवेट बैंक (-1.4 प्रतिशत), निफ्टी आईटी (-1.5 प्रतिशत), निफ्टी बैंक (-1.2 प्रतिशत), निफ्टी फार्मा (-1.3 प्रतिशत), निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (-0.86 प्रतिशत), निफ्टी इंफ्रा (-0.85 प्रतिशत), निफ्टी ऑयल एंड गैस (-0.6 प्रतिशत), निफ्टी मेटल (-0.48 प्रतिशत) और निफ्टी एनर्जी (-0.3 प्रतिशत) में भी गिरावट देखने को मिली।
वहीं, निफ्टी एफएमसीजी 0.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ शीर्ष लाभ कमाने वाला सेक्टर बनकर उभरा, इसके बाद निफ्टी ऑटो 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
यह बेंचमार्क सूचकांकों के लिए लगातार तीसरा दिन था जब उनमें गिरावट दर्ज की गई। लगातार तीन सत्रों में सेंसेक्स में लगभग 1,400 अंकों यानी करीब 2 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि एनएसई निफ्टी 50 में 300 अंकों से ज्यादा यानी 1.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
(इनपुट-आईएएनएस)


