17/03/25 | 9:33 am | ISS | Sunita Williams

Print

सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष से मंगलवार को आएंगी वापस

नासा ने पुष्टि की है कि अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर मंगलवार को पृथ्वी पर वापस लौट आएंगे। वे पिछले नौ महीने से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर फंसे हुए थे। उनके साथ नासा के निक हेग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोरबुनोव भी स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन यान से वापस आएंगे।

नासा ने रविवार शाम को कहा कि इन अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी मंगलवार को फ्लोरिडा तट पर समुद्र में उतरने का समय शाम 5:57 बजे (भारतीय समयानुसार 19 मार्च की सुबह 3:30 बजे) होगी। विल्मोर और विलियम्स जून 2023 से आईएसएस पर हैं। वे बोइंग स्टारलाइनर यान के पहले मानवयुक्त परीक्षण उड़ान में गए थे, लेकिन उसमें तकनीकी खराबी के कारण यान सुरक्षित वापसी के लिए अनुपयुक्त हो गया।

नासा ने बताया कि इस वापसी का समय इस तरह तय किया गया है कि आईएसएस के दल अपना काम पूरा करने का समय मिल जाए और साथ ही सप्ताह के अंत में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए लचीलापन बना रहे। नासा ने कहा है कि वो स्पेसएक्स क्रू-9 के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से धरती पर लौटने का सीधा प्रसारण करेगा। ये प्रसारण 17 मार्च की रात 10:45 बजे (अमेरिका के समय के अनुसार) से शुरू होगा। भारत में ये समय लगभग 18 मार्च की सुबह 8:30 बजे होगा।

नासा के अंतरिक्ष यात्री निक हेग और रोस्कोस्मोस के अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोरबुनोव भी ड्रैगन कैप्सूल में वापस आएंगे। यह यात्रा विलमोर और विलियम्स के लिए राहत लेकर आएगी, जो कुछ दिनों की यात्रा के लिए गए थे, लेकिन नौ महीने तक फंसे रह गए।

बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स का अंतरिक्ष स्टेशन में रहना, आम तौर पर छह महीने के रहने से ज्यादा था, लेकिन यह अमरीकी अंतरिक्ष यात्री फ्रैंक रुबियो के 2023 में बनाए 371 दिन के रिकॉर्ड और रूसी अंतरिक्ष यात्री वालेरी पॉलाकोव के मीर स्टेशन पर बनाए 437 दिन के विश्व रिकॉर्ड से कम था।

इतनी लंबी अवधि तक परिवार से दूर रहने के कारण इस मिशन ने काफी ध्यान आकर्षित किया। लंबे प्रवास के कारण इन दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को अतिरिक्त कपड़े और व्यक्तिगत देखभाल के सामान भेजने पड़े, क्योंकि वे इतनी लंबी यात्रा के लिए पर्याप्त सामान लेकर नहीं गए थे।- (IANS)

RELATED ARTICLES

06/11/26 | 4:19 pm | India US military exercise

भारत-अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ 2026 संपन्न, विशाखापत्तनम में हुआ समापन समारोह

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास 'टाइगर ...

06/11/26 | 8:45 am | Democrats

ट्रंप ने ईरान पर और सैन्य कार्रवाई के दिए संकेत, डेमोक्रेट्स युद्ध खत्म करने की कर रहे तैयारी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ और सैन्य कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। हाल...