सुषमा स्वराज की विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी, केंद्रीय मंत्रियों ने पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह सहित अन्य केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेताओं ने आज गुरुवार को पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और भारतीय कूटनीति, संसदीय परंपराओं और सार्वजनिक जीवन में उनके उत्कृष्ट योगदान को याद किया।

राजनाथ सिंह ने कहा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “पूर्व विदेश मंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। सुषमा स्वराज एक प्रभावी वक्ता होने के साथ-साथ अपने सहज और सौम्य व्यवहार के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने अपने प्रभावी व्यक्तित्व, संवेदनशील नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के प्रति अपने समर्पण से भारतीय राजनीति और राजनय पर अमिट छाप छोड़ी। भारत की आवाज को विश्व मंच पर मजबूत करने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।”

अमित शाह ने कहा

गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, “ओजस्वी वक्ता, सौम्यता व सादगी की प्रतिमूर्ति सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन। सुषमा जी ने अपने अनुशासन, कर्मठता व संघर्षशीलता के बल पर संगठन से लेकर सरकार तक सभी दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन किया। विदेश मंत्रालय को आम जन से जोड़ने वाली सुषमा जी का सादगीपूर्ण जीवन सदैव स्मरणीय रहेगा।”

ओम बिरला ने एक्स पर कहा

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पर लिखा, “पूर्व विदेश मंत्री पद्म विभूषण सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। अपने प्रखर उद्बोधन, संवेदनशील नेतृत्व और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण से सुषमा ने भारतीय राजनीति में एक विशिष्ट स्थान बनाया। राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यशैली और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव प्रेरक रहेगी।”

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने लिखा

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा, “नेतृत्व, करुणा व नारी शक्ति की प्रतिमूर्ति, ओजस्वी वक्ता, पूर्व विदेश मंत्री एवं ‘पद्मविभूषण’ आदरणीय बहन सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।

मनोहर लाल ने एक्स पर पोस्ट किया

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर पोस्ट किया, “नेतृत्व, करुणा व नारी शक्ति की प्रतिमूर्ति, ओजस्वी वक्ता, पूर्व विदेश मंत्री एवं ‘पद्मविभूषण’ आदरणीय बहन सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र प्रथम के ध्येय और जनसेवा के संकल्प के साथ सुषमा जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन देश सेवा में समर्पित कर दिया। संगठन के विस्तार के साथ ही राष्ट्रोत्थान के लिए उनका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्पद है।”

शिवराज सिंह चौहान ने कहा

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा, “कुशल राजनीतिज्ञ, ओजस्वी वक्ता, पूर्व विदेश मंत्री, ‘पद्म विभूषण’ श्रद्धेय बहन सुषमा स्वराज की आज पुण्यतिथि है। सुषमा दीदी बड़ी बहन की तरह स्नेह रखती थीं। उनके चेहरे पर तेज और वाणी में ओज था, सरस्वती उनकी जिह्वा पर विराजती थीं। दीदी के साथ बीते अनमोल क्षण और उनकी स्मृतियां मेरे जीवन की अमूल्य निधि हैं। दीदी, आपके मंगल विचारों की पुण्य ज्योत सदैव जनसेवा के पथ को आलोकित कर राष्ट्र व समाज सेवा के लिए हमें प्रेरित करती रहेगी। पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि!”

जयशंकर ने कहा-उनके शालीन व्यवहार, आत्मीयता और उपस्थिति की बहुत कमी महसूस होती है

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट किया, “आज सुषमा स्वराज को उनकी पुण्यतिथि पर सादर याद करते हैं। उनके शालीन व्यवहार, आत्मीयता और उपस्थिति की बहुत कमी महसूस होती है।”

मनोज सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट किया

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट किया, “सुषमा स्वराज को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। एक असाधारण नेता और प्रेरणादायक सांसद के तौर पर, सुषमा जी ने अपना जीवन राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया। उनकी विनम्रता, वाकपटुता और सार्वजनिक जीवन में उनके उल्लेखनीय योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।”

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पोस्ट में कहा, “भारतीय राजनीति की एक सशक्त, संवेदनशील और प्रेरणादायी व्यक्तित्व, पद्म विभूषण सुषमा स्वराज के स्मृति दिवस पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि। अपनी प्रभावशाली वाणी, विलक्षण नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण से उन्होंने जनसेवा की ऐसी अमिट मिसाल स्थापित की, जो आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी।” (इनपुट-आईएएनएस)

 

 

RELATED ARTICLES

1 hour ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

2 hours ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...