12/01/26 | 12:06 pm | EOS-N1 | PSLV-C62 | इसरो

Print

PSLV-C62 मिशन में तीसरे चरण पर तकनीकी गड़बड़ी, जांच जारी: इसरो

इसरो के PSLV-C62 मिशन में आज सुबह लॉन्च के बाद रॉकेट के तीसरे चरण (थर्ड स्टेज) में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। इसरो चेयरमैन वी. नारायणन ने बताया कि इस गड़बड़ी के चलते मिशन अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आगे नहीं बढ़ पाया और फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

PSLV-C62 रॉकेट सुबह 10:17 बजे श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के पहले लॉन्च पैड से उड़ान भरा था। इस मिशन का उद्देश्य EOS-N1 (अन्वेषा) पृथ्वी अवलोकन उपग्रह और 15 अन्य सह-यात्री उपग्रहों को सन-सिंक्रोनस कक्षा में स्थापित करना था।

लॉन्च के बाद मीडिया से बात करते हुए इसरो चेयरमैन ने कहा कि रॉकेट ने तीसरे चरण तक बिल्कुल सही काम किया, लेकिन थर्ड स्टेज के अंत में रॉकेट के रास्ते (फ्लाइट पाथ) में गड़बड़ी और विचलन देखा गया, जिसके कारण मिशन आगे नहीं बढ़ सका।

उन्होंने कहा कि इसरो की टीम सभी ग्राउंड स्टेशनों से मिले डेटा का विश्लेषण कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी।

इसरो ने बताया कि PSLV चार चरणों वाला रॉकेट है —

पहला चरण (सॉलिड), दूसरा (लिक्विड), तीसरा (सॉलिड) और चौथा (लिक्विड)। तीसरे चरण के अंत में ही समस्या सामने आई।

गौरतलब है कि PSLV-C61 मिशन (मई 2025) में भी तीसरे चरण में तकनीकी गड़बड़ी आई थी, जिसके चलते EOS-09 उपग्रह अपने तय ऑर्बिट तक नहीं पहुंच पाया था।

PSLV-C62 मिशन 2026 का पहला लॉन्च और PSLV की 64वीं उड़ान थी। यह NSIL का 9वां व्यावसायिक मिशन भी था।

-(इनपुटःएजेंसी)

RELATED ARTICLES

52 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

1 hour ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...