86वां अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन (AIPOC) आज सोमवार उत्तर प्रदेश विधान सभा, लखनऊ में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के उद्घाटन भाषण के साथ प्रारंभ होगा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।
19 से 21 जनवरी, 2026 तक आयोजित तीन-दिवसीय सम्मेलन के दौरान निम्नलिखित विषयों पर विचार-मंथन किया जाएगा-
i. पारदर्शी, प्रभावी एवं नागरिक-केंद्रित विधायी प्रक्रियाओं के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग।
ii. कार्यकुशलता बढ़ाने एवं लोकतांत्रिक शासन को सुदृढ़ करने हेतु विधायकों की क्षमता निर्माण।
iii. जनता के प्रति विधायिका की जवाबदेही।
वहीं, सम्मेलन का समापन 21 जनवरी, 2026 को लोक सभा अध्यक्षओम बिरला के समापन संबोधन के साथ होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह तथा उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना समापन सत्र में शामिल होंगे और उसे संबोधित करेंगे।
19 जनवरी, 2026 से होने वाले 86वें AIPOC से पहले लखनऊ, उत्तर प्रदेश में अखिल भारतीय विधायी निकायों के सचिवों का 62वां सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। (इनपुट-पीआईबी)


