कांग्रेस ने सिख समाज और गुरुओं का बार-बार अपमान किया : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बार-बार सिख समाज और सिख गुरुओं का अपमान किया है और यह उसकी मानसिकता को दर्शाता है।

सिख सांसद को गद्दार कहने पर कांग्रेस पर हमला

प्रधानमंत्री ने कहा कि कल इस सदन के एक सांसद को कांग्रेस के युवराज ने गद्दार कह दिया। उन्होंने कहा कि सोचिए, इनका अहंकार सातवें आसमान पर पहुंच चुका है। उन्होंने उस सांसद को सिर्फ इसलिए गद्दार कहा क्योंकि वे सिख थे। पीएम मोदी ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे सिख समाज और सिख गुरुओं का अपमान है। कांग्रेस के भीतर सिखों के प्रति जो नफरत भरी हुई है, यह उसी की अभिव्यक्ति है।

असम और भूपेन हजारिका के अपमान का आरोप

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी असम के लोगों से गहरी नफरत रखती है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस ने भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिए जाने के फैसले का विरोध किया, तो उन्हें बहुत दुख हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने हजारिका जी को ‘महज एक गायक’ कहकर खारिज कर दिया, जो न केवल असम, बल्कि पूरे कला जगत का घोर अपमान है।

सदानंदन जी मास्टर का उदाहरण दिया

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजनीतिक विद्वेष के कारण सदानंदन जी मास्टर के दोनों पैर काट दिए गए। उन्होंने कहा कि भरी जवानी में उनके दोनों पैर काट दिए गए, लेकिन वे कटे हुए पैरों के साथ भी जीवन जी रहे हैं। इसके बावजूद, उनके संस्कार इतने ऊंचे हैं कि उनकी वाणी में कभी अपशब्द नहीं निकलता। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व को वे हृदय से अभिनंदन करते हैं, जिन्होंने इतने हमलों के बावजूद देश की सेवा का अपना व्रत जारी रखा और आज भी नीति-निर्धारण में योगदान दे रहे हैं।

सत्ता सेवा का माध्यम, सुख का नहीं

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सत्ता उनके लिए सुख का रास्ता नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना के माध्यम से लाखों-करोड़ों लोगों को मदद मिली और स्वरोजगार को बढ़ावा मिला। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी स्टार्टअप कल्चर को प्रोत्साहित नहीं किया और आज हालत यह है कि वे अपने घर के स्टार्टअप को भी ठीक से नहीं चला पा रहे हैं।

2014 से पहले और बाद के भारत की तुलना

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हताश है और मोदी की कब्र खोदना चाहती है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर कई लोगों की जान जाती थी, लेकिन उनकी सरकार ने ऐसे सभी क्रॉसिंग बंद करवा दिए। इसके अलावा, 2014 से पहले देश के 18,000 से अधिक गांवों में बिजली नहीं थी, लेकिन अब इन सभी गांवों में बिजली और रोशनी पहुंच चुकी है।

सेना को संसाधनों की कमी दूर की

पीएम मोदी ने कहा कि पहले सेनाओं के लिए गोला-बारूद और बुलेटप्रूफ जैकेट की कमी की खबरें आती थीं। उनकी सरकार ने सेनाओं को जरूरी संसाधन और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर इन समस्याओं का समाधान किया है। (इनपुट: आईएएनएस)