भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में खेले जा रहे वनडे सीरीज के पहले मैच में बारिश के चलते दो बार खेल रोक दिया गया। 11.5 ओवर तक भारत ने 3 विकेट खोकर सिर्फ 37 रन बनाए। टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली पहले ही पवेलियन लौट चुके हैं। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया। भारत की तरफ से रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने सलामी बल्लेबाजी की। यह रोहित का 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच है। फैंस को उनकी शानदार पारी की उम्मीद थी, लेकिन 3.4 ओवर में रोहित 14 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी पारी में सिर्फ एक चौका शामिल था।
रोहित के आउट होने के बाद विराट कोहली मैदान पर उतरे। कोहली 8वीं गेंद पर कूपर कोनोली को कैच थमा बैठे और अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद 6.1 ओवर में टीम इंडिया ने दो दिग्गज बल्लेबाजों का विकेट गंवा दिया। शुभमन गिल भी जल्दी आउट हो गए और उन्होंने 18 गेंदों में 10 रन बनाए, जिसमें 2 चौके शामिल थे।
8.5 ओवर के बाद फिर बारिश के कारण खेल रोका गया, लेकिन कुछ समय बाद मैच दोबारा शुरू हुआ। इसके बाद 18 गेंदें फेंकी गईं और एक बार फिर बारिश ने खेल को बाधित कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन एलिस ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। फिलहाल भारत को इस मैच में वापसी के लिए अपने बल्लेबाजों से जोरदार प्रदर्शन की जरूरत है।-(IANS)


