ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा फरवरी में भारत दौरे पर आने वाले हैं। इस दौरे को तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य के बीच भारत-ब्राजील रिश्तों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ फेलिक्स हाजिन्स्की दा नोब्रेगा ने कहा है कि राष्ट्रपति लूला का यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगा तथा रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
रणनीतिक साझेदारी में दिख रही नई रफ्तार
ब्राजील के राजदूत नोब्रेगा ने व्यापार, तकनीक और भू-राजनीति के क्षेत्रों में भारत और ब्राजील के बीच बढ़ते तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब वैश्विक व्यवस्था तेजी से बदल रही है और ऐसे में भारत-ब्राजील सहयोग की भूमिका और भी अहम हो गई है।
मोदी के ब्राजील दौरे के बाद लूला की भारत यात्रा
राजदूत नोब्रेगा ने कहा कि राष्ट्रपति लूला का भारत दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ब्राजील दौरे के एक साल से भी कम समय बाद हो रहा है। यह दोनों देशों के रिश्तों की गहराई और आपसी विश्वास को दर्शाता है।
व्यापार, निवेश और तकनीक पर रहेगा फोकस
दौरे की प्राथमिकताओं पर बात करते हुए नोब्रेगा ने कहा कि दोनों नेता व्यापार, निवेश और तकनीकी साझेदारी में ठोस नतीजे हासिल करने पर ध्यान देंगे। ऊर्जा, रक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बड़े औद्योगिक निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। इसका मकसद ब्राजील की बड़ी कंपनियों को भारत और भारत की बड़ी कंपनियों को ब्राजील में निवेश के लिए प्रोत्साहित करना है।
प्रधानमंत्री मोदी का बढ़ता वैश्विक प्रभाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर राजदूत ने कहा कि उनका वैश्विक कद पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने बताया कि अपने ढाई साल के कार्यकाल में उन्होंने कई वैश्विक नेताओं को भारत आते देखा है, जो विभिन्न मुद्दों पर भारत के साथ सहयोग बढ़ाने के इच्छुक रहे हैं।
भू-राजनीतिक चुनौतियों में साथ आगे बढ़ने की सोच
राजदूत नोब्रेगा ने कहा कि मौजूदा जटिल भू-राजनीतिक माहौल में भारत और ब्राजील मिलकर आगे बढ़ने पर जोर दे रहे हैं। दोनों देशों की प्राथमिकता सहयोग और साझा प्रयासों के जरिए आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि 70 से ज्यादा वर्षों के कूटनीतिक संबंधों से बना आपसी भरोसा आज के वैश्विक हालात में बेहद कीमती साबित हो रहा है।
ट्रेड एग्रीमेंट को विस्तार देने की तैयारी
भारत द्वारा यूरोपियन यूनियन के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट और अन्य देशों के साथ व्यापार समझौतों पर सवाल के जवाब में नोब्रेगा ने कहा कि ब्राजील भारत के साथ अपने ट्रेड प्रेफरेंस एग्रीमेंट को विस्तार देने की दिशा में काम कर रहा है। यह समझौता करीब 20 साल पहले हुआ था और अब इसे बड़ा करने के लिए शुरुआती बैठकों और बातचीत की तैयारी चल रही है। उन्होंने बताया कि इसमें एमईआरसीओएसयूआर (सदर्न कॉमन मार्केट) भी शामिल होगा।
भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर भरोसा
भारतीय अर्थव्यवस्था पर राजदूत ने कहा कि हाल ही में जारी आर्थिक सर्वे से संकेत मिलता है कि भारत आने वाले वर्षों में 6 से 7 फीसदी की वार्षिक दर से वृद्धि करता रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार देश को तकनीकी प्रतिस्पर्धा के ऊंचे स्तर पर ले जाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। (इनपुट: आईएएनएस)


