Print

महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण अगले साल फरवरी में भारत में होगा: आईसीसी

महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण, जिसका आयोजन मूल रूप से श्रीलंका में होना था, अब अगले साल फरवरी में भारत में आयोजित किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।

आईसीसी ने श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के बोर्ड में सरकारी हस्तक्षेप के कारण श्रीलंका से इस आयोजन की मेजबानी वापस ले ली। एसएलसी में शासन व्यवस्था के ढांचे में बदलाव के लिए फिलहाल एक अंतरिम समिति काम कर रही है।

आईसीसी ने एक बयान में कहा, “आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण अगले साल 14 से 28 फरवरी तक भारत में आयोजित किया जाएगा।”

आईसीसी ने कहा, “इस आयोजन का मूल रूप से श्रीलंका में होना निर्धारित था, लेकिन अब इसे भारत स्थानांतरित कर दिया गया है, क्योंकि श्रीलंका क्रिकेट आईसीसी के जुलाई में हुए वार्षिक सम्मेलन में बताए गए आवश्यक सुधारों को जारी रखे हुए है।”

मौजूदा टी20 विश्व कप चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की छह टीमें राउंड-रॉबिन लीग में हिस्सा लेंगी। शीर्ष दो टीमें 28 फरवरी को होने वाले फाइनल में पहुंचेंगी।

मैच मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया और वडोदरा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

(इनपुट- एजेंसी )