केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं सहायता समूहों (SHG) की सदस्याओं, लखपति दीदियों और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि अगले पांच वर्षों में स्वयं सहायता समूहों को 10 लाख करोड़ रुपए का संस्थागत बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें 1 लाख करोड़ रुपए का व्यक्तिगत ऋण भी शामिल होगा। उन्होंने ऋण प्रक्रिया आसान बनाने के लिए विशेष हेल्पलाइन शुरू करने और 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन तथा सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शाम 7 बजे देशभर में ‘एक दीया आशीर्वाद का’ जलाने का आह्वान भी किया।
6 लाख से अधिक बहनों और लाभार्थियों से संवाद
वर्चुअल कार्यक्रम में 6 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं, लखपति दीदियां, विभिन्न राज्यों के ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी और PMAY-G के लाभार्थी जुड़े। असम के कामरूप की तूलिका दीदी ने मशरूम और बेकरी उत्पादों से सालाना 12 से 14 लाख रुपए की आय अर्जित करने और अपने समूह से 200 से अधिक महिलाओं को जोड़ने की जानकारी दी। बिहार के जहानाबाद की अनु देवी, मध्य प्रदेश के सीहोर की बबीता दीदी और त्रिपुरा के अनिमेष सिंह सहित अन्य लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने से जीवन में आए बदलाव साझा किए।
आवास के साथ मूलभूत सुविधाओं से बदली जिंदगी
लाभार्थियों ने बताया कि पक्के आवास के साथ उज्ज्वला गैस कनेक्शन, नल से जल, शौचालय और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाओं ने उनके परिवारों के जीवन को नई दिशा दी है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण परिवारों का कच्चे मकान से पक्के घर तक का सफर पूरा हो रहा है और विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण जीवन को सुरक्षित और गरिमापूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
लखपति दीदी से करोड़पति दीदी बनने का लक्ष्य
शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि अभाव और मजबूरी का दौर अब समाप्त हो रहा है। ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ परिवार की आर्थिक ताकत भी बन रही हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 3 करोड़ से अधिक लखपति दीदियां तैयार हो चुकी हैं और अगला लक्ष्य 6 करोड़ लखपति दीदियां बनाने का है। उन्होंने कहा कि अब लखपति दीदी से मिलियनेयर और फिर करोड़पति दीदी बनने का सफर शुरू हो चुका है। महिलाएं पैकेजिंग, ब्रांडिंग और उत्पादों के निर्यात की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।
अगले पांच वर्षों में SHG को 10 लाख करोड़ रुपए का ऋण
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अगले पांच वर्षों में स्वयं सहायता समूहों को 10 लाख करोड़ रुपए का संस्थागत ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें 1 लाख करोड़ रुपए का ऋण व्यक्तिगत स्तर पर उद्यम शुरू करने वाली दीदियों को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को नई गति देना और उन्हें छोटे उद्यमों से बड़े कारोबार की ओर बढ़ने का अवसर देना है।
ऋण प्रक्रिया में बाधाएं दूर करने के निर्देश
शिवराज सिंह चौहान ने बैंक लिंकेज की समीक्षा के दौरान 3 सितंबर को मुंबई में RBI, NABARD और सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के बैंकों के प्रमुखों के साथ हुई बैठक का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऋण स्वीकृति में देरी, अनावश्यक दस्तावेजों की मांग और गारंटी या कोलैटरल जैसी बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
जल्द शुरू होगी समर्पित हेल्पलाइन
उन्होंने कहा कि बैंकों से संबंधित समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय जल्द एक समर्पित हेल्पलाइन शुरू करेगा। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की ऋण संबंधी शिकायतों का समन्वित तरीके से समाधान किया जा सकेगा।
31 अक्टूबर तक जन समर्थ पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सभी बैंकों को 31 अक्टूबर तक जन समर्थ पोर्टल पर पूरी तरह ऑनबोर्ड होना होगा। इससे ऋण स्वीकृति की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी और ऋण प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा जवाबदेही बढ़ेगी।
17 सितंबर को शाम 7 बजे जलेगा ‘एक दीया आशीर्वाद का’
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है और मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक अवसर भी है। उन्होंने देशवासियों, किसान भाइयों और विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों की बहनों से अपील की कि वे 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने घरों में ‘एक दीया आशीर्वाद का’ जलाएं। उन्होंने कहा कि यह दीया प्रगति, विकास और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए कृतज्ञता का प्रतीक होगा।
तेलंगाना में दीदियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करेंगे चौहान
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वह स्वयं 17 सितंबर को तेलंगाना के एक ग्रामीण क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह की दीदियों, आवास और किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के साथ शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामीण भारत की नारी शक्ति के नेतृत्व में देश विकास के नए प्रतिमान स्थापित करता रहेगा। (इनपुट: पीआईबी)


