संसद का मानसून सत्र आज सोमवार से शुरू हो रहा है। 13 अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में सरकार और विपक्ष दोनों ही पूरी तैयारी के साथ उतर रहे हैं। अहम विधेयकों पर चर्चा के साथ-साथ सदन में हंगामे की भी आशंका है। इस दौरान 19 बैठकें प्रस्तावित हैं।
सर्वदलीय बैठक में सहयोग की अपील
सत्र से एक दिन पहले रविवार को केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। करीब तीन घंटे चली बैठक में संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने सभी दलों से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने का आग्रह किया। बैठक में 40 दलों के नेता शामिल हुए। रिजिजू ने कहा, “बैठक अच्छी रही। सबने अपनी बात रखी। सदन बिना रुकावट चले, यह हम सभी की जिम्मेदारी है।”
ये अहम विधेयक ला सकती है सरकार
सरकार इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने जा रही है। इनमें शामिल हैं:
– आयकर विधेयक
– वंदे मातरम विधेयक
– सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने वाला विधेयक
– एमएसएमई विकास से जुड़ा विधेयक
– जन्म और मृत्यु पंजीकरण विधेयक
– विदेशी योगदान (नियमन) संशोधन विधेयक
– विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक
महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन विधेयक लाए जाने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। यदि दो-तिहाई बहुमत जुट जाता है तो सरकार इन विधेयकों को पास कराने का प्रयास करेगी।
विदेश नीति में भी व्यस्त दिन
आज का दिन विदेश नीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मोल्दोवा की यात्रा पर अपने समकक्ष से मुलाकात करेंगी। वहीं पनामा के विदेश मंत्री नई दिल्ली पहुंचे हैं, जहां भारत और पनामा के द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने पर चर्चा होने की संभावना है। (इनपुट-एजेंसी)


