पीयूष गोयल ने कनाडा के टोरंटो में आयोजित मंत्रीस्तरीय पूर्ण सत्र ‘From Political Reset to Commercial Delivery’ को संबोधित करते हुए कनाडाई उद्योग जगत और निवेशकों को भारत की विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बनने का आमंत्रण दिया।
कार्यक्रम में कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनींदर सिद्धू भी मौजूद रहे।
पीयूष गोयल ने भारत में कारोबार सुगमता (Ease of Doing Business) और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर भी पैदा करेगा।
गोयल ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारत-कनाडा आर्थिक साझेदारी का अगला चरण विश्वास और साझा समृद्धि पर आधारित होगा।
सरकार के अनुसार, ओटावा में उच्च स्तरीय व्यापार वार्ताओं के बाद पीयूष गोयल ने टोरंटो में उद्योग जगत की गोलमेज बैठकों और B2B कार्यक्रमों में भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।
यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच मार्च 2026 में हुई बैठक के दौरान तय दिशा को आगे बढ़ाने का हिस्सा है।
वर्तमान में भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 8.5 अरब डॉलर का है, जिसे दोनों देश 2030 तक बढ़ाकर 50 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, कनाडा की यात्रा पर पीयूष गोयल 100 से अधिक कंपनियों के उद्योग प्रतिनिधियों वाले अब तक के सबसे बड़े भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
-(इनपुटःएजेंसी)


