हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने ‘पुआल’ से निर्मित कमल का पुष्प भेंट कर प्रधानमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। लगभग आधे घंटे तक चली इस आत्मीय मुलाकात में संगठनात्मक विषयों, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सरोकारों और विकसित भारत के संकल्प सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन बताया प्रेरणादायी
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विश्व के सबसे लोकप्रिय और प्रभावशाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना तथा उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करना उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद यह उनके सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अवसर रहा।
संगठन को मजबूत बनाने का मिला संदेश
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत हैं। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरियाणा की नायब सरकार विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने संगठन को और मजबूत बनाने, प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने तथा सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रत्येक बात को आत्मसात कर प्रदेश संगठन को अधिक सशक्त बनाने और जनसेवा के लिए स्वयं को पूरी निष्ठा से समर्पित करने का उनका संकल्प और मजबूत हुआ है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता केवल विचार नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प है। उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान उन्होंने इस भावना को निकट से अनुभव किया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन का अक्षरशः पालन करते हुए भाजपा हरियाणा संगठनात्मक रूप से नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी और महिलाओं की भागीदारी को और अधिक मजबूत करेगी।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम का किया उल्लेख
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप आज देश की माताएं और बहनें राजनीति, अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और विज्ञान सहित हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दूरदर्शी नेतृत्व और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे ऐतिहासिक फैसले देश की आधी आबादी को वास्तविक अर्थों में सशक्त बना रहे हैं।
जिम्मेदारी के लिए केंद्रीय नेतृत्व का जताया आभार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि यह विश्वास उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ इस दायित्व का निर्वहन करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने का कार्य करेंगी।
सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना से करेंगे कार्य
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। सेवा, संगठन और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जन-जन तक मोदी और नायब सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन हरियाणा भाजपा के लिए नई ऊर्जा, नई प्रेरणा और नए संकल्प का आधार बनेगा।
पुआल से बने कमल का पुष्प किया भेंट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डॉ. अर्चना गुप्ता ने हरियाणा के महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा ‘पुआल’ (धान के अवशेष/प्राकृतिक रेशों) से हस्तनिर्मित कमल का पुष्प भेंट किया। यह कलात्मक स्मृति-चिन्ह ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता, स्वदेशी शिल्प, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे नवाचार का प्रतीक है। यह उपहार केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी दर्शाता है। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार ऐसे उत्पाद ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ हरियाणा की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैं। (इनपुट: आईएएनएस)


