27वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता, 2025-26 का पुरस्कार वितरण समारोह गुरुवार को नई दिल्ली में होगा

जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए आयोजित 27वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता, 2025-26 का पुरस्कार वितरण समारोह गुरुवार, 10 सितंबर, 2026 को दोपहर 3:00 बजे से जीएमसी बालयोगी सभागार, संसद पुस्तकालय भवन, संसद भवन परिसर, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पुरस्कार समारोह की अध्यक्षता करेंगे और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुरस्कार विजेता छात्रों और विद्यालयों को पुरस्कार वितरित करेंगे। इस अवसर पर, जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए आयोजित 27वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता, 2025-26 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले “पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, उखरुल-1, मणिपुर (शिलांग क्षेत्र)” के छात्र पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान “युवा संसद सत्र” की पुनः प्रस्तुति देंगे।

संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 30 वर्षों से जवाहर नवोदय विद्यालयों में युवा संसद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता योजना के तहत, इस श्रृंखला की 27वीं प्रतियोगिता का आयोजन 2025-26 के दौरान नवोदय विद्यालय समिति के 8 क्षेत्रों में फैले 100 विद्यालयों के बीच पूरे भारत में किया गया।

संसदीय कार्य मंत्रालय के युवा संसद कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी में आत्म-अनुशासन, विभिन्न मतों के प्रति सहिष्णुता, विचारों की निष्पक्ष अभिव्यक्ति और लोकतांत्रिक जीवन शैली के अन्य गुणों को विकसित करना है। इसके अलावा, यह कार्यक्रम छात्रों को संसद की कार्यप्रणाली और प्रक्रियाओं, चर्चा और वाद-विवाद की तकनीकों से परिचित कराता है और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी भाषण कला का विकास करता है।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए संसदीय शील्ड और ट्रॉफी “पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, उखरुल-1, मणिपुर (शिलांग क्षेत्र)” को प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय मंत्री द्वारा 7 विद्यालयों को उनके संबंधित क्षेत्रों में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए योग्यता ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी।