05/01/26 | 3:36 pm

Print

एनसीसी के रिपब्लिक डे कैंप 2026 में पहुंचे उपराष्ट्रपति, कहा-ऑपरेशन सिंदूर व आपदा राहत अभियानों में एनसीसी कैडेट्स की सेवा सराहनी

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने ऑपरेशन सिंदूर तथा विभिन्न आपदा राहत अभियानों में एनसीसी कैडेट्स की सराहनीय सेवाओं का उल्लेख किया। उपराष्ट्रपति सोमवार को नई दिल्ली में एनसीसी के रिपब्लिक डे कैंप 2026 में पहुंचे थे। यहां उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित किया।  

इसी दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर व विभिन्न आपदा राहत अभियानों में एनसीसी कैडेट्स की सराहनीय सेवाओं का जिक्र किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि एनसीसी शिविर केवल प्रशिक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की विविधता में एकता, संवैधानिक मूल्यों और भविष्य के नेतृत्व की झलक प्रस्तुत करता है।

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन बतौर मुख्य अतिथि नई दिल्ली में आयोजित एनसीसी रिपब्लिक डे कैंप के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने देश के निर्माण में एनसीसी की अहम भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी का ध्येय वाक्य “एकता और अनुशासन” देश के युवाओं को आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और सेवा-भावी नागरिक बनाने में लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि यही युवा विकसित भारत 2047 की नींव हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में उपराष्ट्रपति का कैंप पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर से स्वागत किया गया। इसके बाद उपराष्ट्रपति ने हॉल ऑफ फेम का दौरा किया। हॉल ऑफ फेम में उन्हें एनसीसी की गौरवपूर्ण विरासत, उपलब्धियों और विकास यात्रा के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उपराष्ट्रपति ने यहां विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉल्स का भी निरीक्षण किया। इन प्रदर्शनी स्टॉल्स में युवा आपदा मित्र योजना, ड्रोन प्रशिक्षण, और नई प्रौद्योगिकियों के उपयोग से जुड़ी पहल शामिल रहीं।

उपराष्ट्रपति ने इस अवसर पर आपदा प्रबंधन की तैयारी और उभरती तकनीकों को अपनाने में एनसीसी की भूमिका की प्रशंसा की। यहां आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कैडेट्स ने विविध राज्यों की कला-संस्कृति को भी प्रस्तुत किया। उपराष्ट्रपति ने कैडेट्स से संवाद भी किया और उनके अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना की विशेष सराहना की। एनसीसी के कैंप में कैडेट्स के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। एनसीसी रिपब्लिक डे कैंप में कई अन्य प्रमुख आयोजन भी होने हैं। यहां आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में बेस्ट कैडेट प्रतियोगिता, स्मॉल आर्म्स फायरिंग, गणतंत्र दिवस परेड में मार्चिंग कंटिजेंट तथा फ्लैग एरिया डिजाइनिंग शामिल हैं।

गौरतलब है कि रक्षा मंत्री व तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी भी गणतंत्र दिवस के लिए लगने वाले विशेष एनसीसी कैंप में जाते हैं। रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इस वर्ष देश भर के 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों से आने वाले कैडेट इस कैंप का हिस्सा बने हैं। यहां एनसीसी गणतंत्र दिवस कैंप में कुल 2,406 कैडेट हैं। इनमें से 898 बालिका कैडेट शामिल हैं, जो इस साल कैंप में भाग ले रही हैं।

अधिकारियों का कहना है कि यह अब तक का सबसे बड़ा दल है। एनसीसी के इस कैंप में देश भर से आए कैडेट्स की भागीदारी तो है ही, लेकिन इसके साथ ही विदेशों से आए कैडेट्स भी इस कैंप का हिस्सा हैं। भारतीय कैडेट्स के अलावा 25 अलग-अलग मित्र देशों के युवा कैडेट और अधिकारी यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के अंतर्गत इस कैंप में शामिल हो रहे हैं।

RELATED ARTICLES

35 mins ago | Agriculture Development India

पीएम मोदी ने गिनाए किसानों के लिए सरकार के प्रयास, कहा- अन्नदाता विकसित भारत के मजबूत स्तंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में विभिन्न विकास परियोजनाओं के...

1 hour ago | Agriculture Scheme

किसानों की आय सुरक्षा का बड़ा आधार बना पीएम-किसान, 24 किस्तों में 4.64 लाख करोड़ रुपए वितरित

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त के तहत 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किस...