यूपी में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं, सख्त कार्रवाई करें: मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। अवैध कब्जे और धमकी से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अवैध कब्जा और धमकी देने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष अवैध कब्जे से जुड़े कई मामले आए, जिनमें पीड़ितों ने आरोपियों पर धमकी देने के आरोप भी लगाए। मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने अवैध कब्जा करने और लोगों को धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने पर जोर

मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों से कहा कि अपराध और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों की विवेचना में तेजी लाई जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और दोषियों को कानून के मुताबिक दंड दिलाया जा सके।

बिल्डर की शिकायत पर जांच के आदेश

जनता दर्शन के दौरान गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा से जुड़े एक बिल्डर की शिकायत भी मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंची। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट की रजिस्ट्री कई लोगों के नाम कर दी है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने जांच के निर्देश दिए और कहा कि यदि बिल्डर दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।

एक्स पर साझा की गई जनता दर्शन की तस्वीरें

सीएम योगी आदित्यनाथ के ‘जनता दर्शन’ की कुछ तस्वीरें मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी साझा की गईं। पोस्ट में कहा गया कि लोक-कल्याण के संकल्प के साथ ‘नया उत्तर प्रदेश’ सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। पोस्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।(इनपुट: आईएएनएस)