केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय मंगलवार 14 जुलाई को तीसरा नमस्ते दिवस मनाएगा। यह 2023 में शुरू की गई राष्ट्रीय यंत्रीकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र (नमस्ते) योजना के तीन वर्ष पूरे होने का प्रतीक है। मंत्रालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य समारोह कोलकाता के ऐतिहासिक रवींद्र सदन में दिव्य कला मेले के साथ आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा देशभर के शहरी स्थानीय निकायों (Urban Local Bodies) में भी समानांतर कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और राज्यमंत्री रामदास आठवले के कोलकाता के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इसमें शामिल होंगे।
नमस्ते योजना सफाई कर्मचारियों के कल्याण, उनके कौशल विकास, आधुनिक उपकरणों के उपयोग और मैनुअल सफाई को समाप्त करने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। योजना के तीन वर्ष पूरे होने पर आयोजित ये कार्यक्रम सफाई कर्मचारियों के सम्मान और योजना की उपलब्धियों को रेखांकित करेंगे। देशभर में होने वाले इन आयोजनों के माध्यम से सरकार स्वच्छता कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएगी। (इनपुट-एजेंसी)


