टी-20 विश्व कप में आज बड़ा दिन, तीन मुकाबलों से तय होगी अगले दौर की तस्वीर

टी-20 विश्व कप 2026 में आज क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच से भरा दिन रहने वाला है। टूर्नामेंट में आज तीन अहम मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका असर सीधे तौर पर अंक तालिका और अगले चरण की स्थिति पर पड़ेगा।

पहला मुकाबला ग्रुप डी की टीमों के बीच खेला जाएगा, जहां अफगानिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे शुरू होगा।

ग्रुप डी की स्थिति पर नजर डालें तो दक्षिण अफ्रीका तीनों मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान पर है, जबकि न्यूजीलैंड ने तीन में से दो मैच जीते हैं। अफगानिस्तान की टीम अब तक अपने दोनों मैच हार चुकी है और उसका प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा। न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे पांच विकेट से हार मिली थी। वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जो टाई पर समाप्त हुआ। पहला सुपर ओवर भी बराबरी पर छूटा, लेकिन दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने बाजी मार ली।

संयुक्त अरब अमीरात की टीम ने दो में से एक मुकाबला जीता है। उसे अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के हाथों 10 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन दूसरे मैच में कनाडा को पांच विकेट से हराकर टीम ने वापसी की।

आज का दूसरा मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। यह मुकाबला ग्रुप सी की इंग्लैंड और इटली की टीमों के बीच होगा, जो भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा। इंग्लैंड ने अब तक तीन में से दो मुकाबले जीते हैं, जबकि एक में उसे हार मिली। वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रन से हराया था, जबकि नेपाल और स्कॉटलैंड के खिलाफ इंग्लैंड को जीत मिली।

इटली की टीम पहली बार टी-20 विश्व कप में खेल रही है। उसने अपने पिछले मैच में नेपाल को 10 विकेट से हराया, हालांकि पहले मुकाबले में स्कॉटलैंड से 73 रन से हार मिली थी। इस ग्रुप में वेस्टइंडीज अगले चरण के लिए क्वालीफाई कर चुकी है, जबकि नेपाल टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।

दिन का तीसरा और सबसे बड़ा मुकाबला शाम 7 बजे श्रीलंका के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में मेजबान श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने होंगे। ग्रुप में श्रीलंका शीर्ष पर है और उसने अपने दोनों मुकाबले जीते हैं। श्रीलंका ने आयरलैंड और ओमान को हराया है।

ऑस्ट्रेलिया को पिछले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा, जो इस टूर्नामेंट का बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। हालांकि टीम ने अपने पहले मैच में आयरलैंड को 67 रन से हराया था। अब ऑस्ट्रेलिया की कोशिश रहेगी कि वह हार से उबरकर जीत की राह पर लौटे।

(इनपुट-आईएएनएस)

 

RELATED ARTICLES

14/09/26 | 11:16 am

महिला टीम ने मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से किया मना, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताई वजह

भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए महिला एशिया कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। फाइनल मुकाब...

14/09/26 | 10:22 am

Asia Cup 2026: भारतीय महिला टीम को राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने दी बधाई, फाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से हराया

दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में फाइनल में श्रीलंका को हराकर विमेंस एशिया कप 2026 जीतने व...