Print

दिल्ली-एनसीआर के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्लीवासियों को 12,200 करोड़ रुपये की सौगात देने जा रहे हैं। पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर दिल्ली-एनसीआर के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण बताया। 

आज पहली बार नमो भारत ट्रेन राजधानी दिल्‍ली में प्रवेश करेगी

पीएम मोदी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “दिल्ली-एनसीआर के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। आज पहली बार जहां नमो भारत ट्रेन राजधानी में प्रवेश करेगी, वहीं दिल्ली मेट्रो के विस्तार सहित कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास का सुअवसर मिलेगा।”

सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध

इसके अलावा उन्होंने एक अन्य पोस्ट में बताया, “दिल्ली में रीजनल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ ही सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। इसी कड़ी में आज दोपहर करीब 12:15 बजे कई प्रोजेक्ट के लोकार्पण और शिलान्यास का सौभाग्य मिलेगा। इससे पहले साहिबाबाद-अशोक नगर नमो भारत कॉरिडोर का शुभारंभ करूंगा।”

मोदी सरकार विकास के साथ जनकल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित 

पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “दिल्ली की जनता-जनार्दन को अब राजधानी के चौतरफा विकास के साथ-साथ जनकल्याण को पूरी तरह समर्पित सरकार चाहिए। उनके इसी संकल्प के बीच आज दोपहर बाद करीब 1 बजे यहां के अपने परिवारजनों से संवाद का अवसर मिलेगा।”

आज प्रधानमंत्री नमो भारत ट्रेन में यात्रा भी करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर करीब 12:15 बजे दिल्ली में 12,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:15 बजे साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन से न्यू अशोक नगर आरआरटीएस स्टेशन तक नमो भारत ट्रेन में यात्रा भी करेंगे।

दिल्ली मेट्रो फेज-4 के जनकपुरी- कृष्णा पार्क मेट्रो का करेंगे उद्घाटन 

पीएम मोदी साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे हिस्से का उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत करीब 4,600 करोड़ रुपये है। इस उद्घाटन के साथ ही दिल्ली को अपनी पहली नमो भारत कनेक्टिविटी मिल जाएगी।

साथ ही प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली मेट्रो फेज-4 के जनकपुरी और कृष्णा पार्क के बीच करीब 1,200 करोड़ रुपये की लागत वाले 2.8 किलोमीटर लंबे हिस्से का भी उद्घाटन करेंगे। यह दिल्ली मेट्रो फेज-4 का पहला खंड होगा जिसका उद्घाटन किया जाएगा। इससे पश्चिमी दिल्ली के कृष्णा पार्क, विकासपुरी, जनकपुरी के कुछ हिस्से और अन्य इलाकों को लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो फेज-4 के रिठाला-कुंडली खंड की आधारशिला भी रखेंगे

इसके अलावा दिल्ली मेट्रो फेज-4 के 26.5 किलोमीटर लंबे रिठाला-कुंडली खंड की आधारशिला रखेंगे, जिसकी लागत करीब 6,230 करोड़ रुपये होगी। यह कॉरिडोर दिल्ली के रिठाला को हरियाणा के नाथूपुर (कुंडली) से जोड़ेगा। साथ ही आज रोहिणी में केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान के लिए नए अत्याधुनिक भवन की आधारशिला भी रखेंगे, जिसका निर्माण लगभग 185 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

24 mins ago | Assam Culture and Bihu Festival

भूपेन दा के गीतों में बसती है एक युग की चेतना, नाराज फूफाओं को भी सुनने चाहिए उनके गीत : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाषा, खान-पान, परिवेश और जीवन शैली अलग-अलग हो सकती है, लेकिन विकसित भारत के...

59 mins ago | Bhupen Hazarika 100th Birth Anniversary

भाषा और संस्कृति अलग, लेकिन विकसित भारत का संकल्प एक : विपक्ष पर पीएम मोदी का कटाक्ष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह के समाप...