पेरिस ओलंपिक में आज भारतीय दल निशानेबाजी, बैडमिंटन, हॉकी और तीरंदाजी स्पर्धाओं में लेगा भाग 

पेरिस ओलंपिक में आज भारतीय खिलाड़ी निशानेबाजी, बैडमिंटन, हॉकी, मुक्केबाजी और तीरंदाजी स्पर्धाओं में भाग लेंगे। निशानेबाजी में पुरुषों के ट्रैप इवेंट का दूसरा क्वालिफिकेशन राउंड आज मंगलवार दोपहर 12:30 मिनट पर आयोजित होगा। भारत की तरफ से पृथ्वीराज टोंडिमन इसमें हिस्सा लेंगे। वहीं महिलाओं के ट्रैप क्वालिफिकेशन में दो भारतीय निशानेबाज श्रेयसी सिंह और राजेश्वरी कुमारी हिस्सा लेंगे। 

हॉकी में भारतीय टीम अपना तीसरा ग्रुप मुकाबला खेलने उतरेगी मैदान पर

रोइंग इवेंट में भारत के बलराज पवार पुरुष एकल स्कल्स में क्वार्टर फाइनल में हिस्सा लेंगे। वहीं हॉकी में भारतीय टीम अपना तीसरा ग्रुप मुक़ाबला खेलने के लिए आज मैदान पर उतरेगी। भारत का सामना भारतीय समयानुसार शाम 4:45 मिनट पर आयरलैंड से होगा।  

तीरंदाजी में आज से व्यक्तिगत मुकाबले होंगे शुरू 

उधर, तीरंदाजी में आज से व्यक्तिगत मुकाबले शुरू होने जा रहे हैं। महिला वर्ग में अंकिता भकत का सामना पोलैंड की तीरंदाज से होगा। वहीं एक अन्य मुक़ाबले में भजन कौर का सामना इंडोनेशिया की सइफा नोराफिफा कमाल से होने वाला है। तीरंदाजी में व्यक्तिगत वर्ग पुरुष में धीरज बोम्मदेवरा अपने अभियान की शुरुआत चेक गणराज्य के एडम ली के खिलाफ करेंगे। 

बैडमिंटन में सातविकसाईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी अपना दूसरा ग्रुप मैच खेलेगी

बैडमिंटन में पदक के दावेदार सातविकसाईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी पुरुष युगल में अपना दूसरा ग्रुप मैच खेलने उतरेगी। सातविक और चिराग का सामना इंडोनेशिया की जोड़ी से शाम 5:30 मिनट पर होगा। वहीं महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी के खिलाफ तीसरे मुकाबले के लिए कोर्ट पर उतरेगी। 

मुक्केबाजी में अमित पंघाल का अंतिम 16 में जांबिया के खिलाड़ी से होगा सामना 

मुक्केबाजी की बात करें तो भारत की ओर से पुरुषों के 51 किलोग्राम भार वर्ग में अमित पंघाल का अंतिम 16 में सामना जांबिया के पैट्रिक चिनियम्बा से होगा। मुक्केबाजी के ही महिलाओं के 57 किलोग्राम भार वर्ग में जैस्मिन का सामना राउंड ऑफ 32 में फिलीपींस की नेत्सी पेटीसियो से होगा। महिला वर्ग में ही एक अन्य भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार का सामना अंतिम 16 के मुकाबले में कोलंबिया की येनी मार्सेला एरियस से होने वाला है। 

RELATED ARTICLES

14 hours ago | IPL 2026

ड्रेसिंग रूम में वेप इस्तेमाल करने पर रियान पराग पर जुर्माना

राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के कप्तान रियान पराग पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उन्ह...

17 hours ago | Linda Noskova

मार्टा कोस्त्युक ने नोस्कोवा को हराकर मैड्रिड ओपन सेमीफाइनल में बनाई जगह

मार्टा कोस्त्युक ने बुधवार को चेक गणराज्य की 13वीं सीड लिंडा नोस्कोवा के खिलाफ 7-6(1), 6-0 से जीत हासिल ...