प्रतिक्रिया | Tuesday, April 22, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

संसद के दोनों सदनों की आज की कार्यवाही स्थगित, शुक्रवार से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर होगी चर्चा

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही थोड़े समय तक चलने के बाद आज दिनभर के स्थगित कर दी गई। दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण हुआ। राष्ट्रपति के अभिभाषण की प्रति दोनों सदनों में रखी गई। कल से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी।

सदन को दी गई राहुल गांधी के विपक्ष के नेता बनाए जाने की सूचना

वहीं राज्यसभा में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सदन से अपनी मंत्रिपरिषद से परिचय कराया। लोकसभा में आज अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को राहुल गांधी के विपक्ष के नेता बनाए जाने की सूचना दी। उन्होंने कहा कि वेतन एवं भत्ता अधिनियम 1997 के तहत उन्हें 9 जून से विपक्ष का नेता बनाया गया है।

बता दें कि विपक्ष के नेता को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त होता है। विपक्ष के नेता कई महत्वपूर्ण पदों पर होने वाली नियुक्तियों से जुड़ी समितियों के सदस्य होते हैं।

आगामी बजट भविष्य की दूरदर्शिता का दस्तावेज होगा

इससे पहले राष्ट्रपति ने आज दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नीतियों का विरोध करना और संसद की कार्यवाही को बाधित करना दो अलग-अलग बातें हैं। जब संसद सुचारू रूप से चलती है और स्वस्थ बहस होती है तो लोगों का प्रशासन पर भरोसा बढ़ता है। राष्ट्रपति ने अपने भाषण में सरकार की उपलब्धियों गिनाईं और कहा कि आगामी बजट भविष्य की दूरदर्शिता का दस्तावेज होगा। इसमें बड़े आर्थिक और सामाजिक निर्णयों के साथ ही अनेक ऐतिहासिक कदम भी देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का मानना है कि दुनियाभर से निवेशकों को आकर्षित करने के लिए राज्यों में स्वस्थ स्पर्धा हो। यही कंपटीटिव को-ऑपरेटिव फेडरलिज्म की सच्ची स्पिरिट है।

आगंतुकों: 24166020
आखरी अपडेट: 22nd Apr 2025