भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने सिक्किम के गंगटोक और पाकयोंग जिलों तथा एनएच-310 पर देउराली बाजार, गंगटोक से नाथू ला दर्रे तक मई 2026 में किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट (आईडीटी) के परिणाम जारी किए हैं। इस परीक्षण का उद्देश्य विभिन्न दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) की वॉयस और डेटा सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करना था, ताकि उपभोक्ताओं को नेटवर्क प्रदर्शन की जानकारी मिल सके और कंपनियां अपनी सेवाओं में सुधार कर सकें।
वॉयस और डेटा सेवाओं की गुणवत्ता का हुआ परीक्षण
ट्राई ने बताया कि ड्राइव टेस्ट के दौरान 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर सभी प्रमुख दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के सिम कार्ड का उपयोग कर कॉल और डेटा सेशन संचालित किए गए। परीक्षण में कवरेज, कॉल ड्रॉप दर, कॉल सेटअप सफलता दर, कॉल सेटअप समय, डेटा डाउनलोड और अपलोड स्पीड, लेटेंसी, जिटर तथा पैकेट ड्रॉप जैसे प्रमुख सेवा गुणवत्ता मानकों का आकलन किया गया।
174 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में हुआ परीक्षण
ट्राई की नियुक्त एजेंसी ने 8 और 9 मई 2026 को कोलकाता क्षेत्रीय कार्यालय की निगरानी में गंगटोक और पाकयोंग जिलों में 102.8 किलोमीटर शहरी क्षेत्र, 66.5 किलोमीटर राजमार्ग तथा पांच प्रमुख हॉटस्पॉट स्थानों पर ड्राइव टेस्ट किया। रिपोर्ट में शामिल निष्कर्ष परीक्षण के दौरान संबंधित मार्गों और क्षेत्रों में दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के वास्तविक प्रदर्शन को दर्शाते हैं।
कवरेज और कॉल ड्रॉप का किया गया मूल्यांकन
रिपोर्ट के अनुसार, शहर और राजमार्ग दोनों मार्गों पर एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया के नेटवर्क की सिग्नल गुणवत्ता, कवरेज गैप और कॉल ड्रॉप की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। परीक्षण के दौरान विभिन्न सेवा प्रदाताओं के नेटवर्क में कवरेज और कॉल ड्रॉप के स्तर में अंतर दर्ज किया गया। इसके अलावा कॉल साइलेंस की घटनाओं का भी रिकॉर्ड तैयार किया गया।
डेटा स्पीड में जियो और एयरटेल आगे
डाउनलोड स्पीड के मामले में शहर में रिलायंस जियो की औसत डाउनलोड गति 63.89 एमबीपीएस और एयरटेल की 50.93 एमबीपीएस दर्ज की गई। वहीं, राजमार्ग मार्ग पर जियो की औसत डाउनलोड गति 60.26 एमबीपीएस और एयरटेल की 41.60 एमबीपीएस रही। अपलोड स्पीड में शहर में रिलायंस जियो 13.80 एमबीपीएस और एयरटेल 13.29 एमबीपीएस के साथ आगे रहे, जबकि राजमार्ग पर दोनों की औसत अपलोड गति लगभग 7.5 एमबीपीएस दर्ज की गई।
इन क्षेत्रों और हॉटस्पॉट पर हुआ परीक्षण
सिटी ड्राइव टेस्ट में गंगटोक, रानीपूल, पाकयोंग, रोराथांग, कुमरेक, रंगपो, मजीतार, सिंगताम और मांगथांग जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया। वहीं, राजमार्ग परीक्षण देउराली बाजार से गंगटोक, ताथांगचेन, हनुमान टोक, रोंग्येक, त्सोमगो झील, शेराथांग होते हुए नाथू ला दर्रे तक किया गया। इसके अलावा जिला न्यायालय गंगटोक, एसटीएनएम अस्पताल, एसडीएम कार्यालय पाकयोंग, त्सोमगो झील व्यू प्वाइंट और नाथू ला व्यू प्वाइंट सहित पांच हॉटस्पॉट स्थानों पर भी नेटवर्क गुणवत्ता की जांच की गई।
सेवा प्रदाताओं के साथ साझा की गई रिपोर्ट
ट्राई ने बताया कि ड्राइव टेस्ट के निष्कर्ष संबंधित दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ साझा कर दिए गए हैं, ताकि वे आवश्यक सुधारात्मक कदम उठा सकें। विस्तृत रिपोर्ट ट्राई की वेबसाइट पर उपलब्ध है। (इनपुट: पीआईबी)


