राष्ट्रपति पुतिन से बातचीत के लिए क्रेमलिन पहुंचे ट्रंप के विशेष दूत

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत गुरुवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत करने के लिए ‘क्रेमलिन’ पहुंचे।‘क्रेमलिन’ रूस में सत्ता का केंद्र है। रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में हुई दो दिवसीय वार्ता के बाद वाशिंगटन शांति प्रयासों को नयी गति देने की कोशिश कर रहा है।

अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी में हुई दो दिवसीय वार्ता में मध्यस्थता की थी। इस साल शांति प्रयासों के ठप पड़ने के बाद नौ महीने में पहली बार रूसी और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच सीधी बातचीत हुई।

बुधवार को संपन्न हुई इस वार्ता में बड़ी संख्या में युद्धबंदियों की अदला-बदली पर सहमति बनी। हालांकि, अदला-बदली किए जाने वाले कैदियों की सटीक संख्या पर अभी सहमति नहीं बन पाई है। करीब पांच साल से जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में इस वार्ता से कोई ठोस सफलता नहीं मिली। यह युद्ध 24 फरवरी 2022 को शुरू हुआ था।

हालांकि, कुशनर और विटकॉफ इस वार्ता से निकले अवसर का लाभ उठाने के लिए उत्सुक दिखे और क्रेमलिन पहुंचे। कुशनर ने कहा कि पुतिन के साथ बैठक का एक प्रमुख उद्देश्य वार्ता में यूरोपीय प्रतिनिधियों को शामिल करने के लिए रूसी राष्ट्रपति की सहमति हासिल करना है। इस बातचीत में यूरोप की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है।

अमेरिका और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की चाहते हैं कि यूरोपीय देश मॉस्को के साथ बातचीत के लिए अपना एक प्रतिनिधि नियुक्त करें। फिलहाल, मॉस्को इस सीधी बातचीत में यूरोपीय देशों को शामिल करने के पक्ष में नहीं है। यूरोपीय देश महाद्वीप में रूस के आचरण और उसके इरादों को लेकर चिंतित हैं। वहीं, मॉस्को का आरोप है कि यूरोप यूक्रेन को धन और हथियार मुहैया करा रहा है और वह किसी भी संभावित समझौते की राह में बाधा बन रहा है।(भाषा)