भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (पूसा) दिल्ली में आज सोमवार को दो दिवसीय ‘राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2025’ शुरू होगा। सम्मेलन की अध्यक्षता कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के बयान में यह जानकारी दी गई।

देशभर के कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, नीति-निर्धारकों एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा

बयान के अनुसार, सम्मेलन में देशभर के कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, नीति-निर्धारकों एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में अनेक राज्यों के कृषि मंत्री, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण सचिव, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक सहित अन्य संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों तथा राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

बुवाई सीजन से संबंधित तैयारियों, उत्पादन लक्ष्यों और रणनीतियों पर होगी गहन चर्चा

यह दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन देशभर के कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, नीति-निर्धारकों एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों केलिए एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां रबी 2025-26 की बुवाई सीजन से संबंधित तैयारियों, उत्पादन लक्ष्यों और रणनीतियों पर गहन चर्चा होगी।

पहली बार दो दिन का हो रहा है रबी सम्मेलन

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर पहली बार रबी सम्मेलन दो दिन का हो रहा है जिसमें कृषि से संबंधित चुनौतियां तथा रबी मौसम की फसलों के किसानों को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से विभिन्न प्रकार के विषयों पर चर्चा की जाएगी।

पहले दिन केंद्र एवं राज्य स्तर के पदाधिकारी के बीच में महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी उसके पश्चात तक 16 सितंबर को सभी राज्यों के कृषि मंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री व राज्य मंत्री विस्तृत चर्चा करेंगे, जिसमें नवीनतम तकनीक एवं बीजों को किसानों तक किस तरह प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए इसके लिए गहन चिंतन एवं समीक्षा की जाएगी।

सभी राज्यों के वरीय पदाधिकारी अपनी टीम के साथ इसमें भाग लेंगे , पहली बार इसमें कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों को भी आमंत्रित किया गया है जो क्षेत्रीय अनुभव एवं चुनौतियां को साझा करेंगे तथा आगे की रणनीति तय करेंगे।