दिल्ली-एनसीआर में दो दिन का येलो अलर्ट, इस सप्ताह बारिश के साथ तापमान में गिरावट का अनुमान

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 28 और 29 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 28 जून को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और शाम या रात के समय तेज हवाएं, बिजली की चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं नमी (Humidity) का स्तर 70% से घटकर 55% तक रहने का अनुमान है।

29 जून को मौसम और अधिक सक्रिय रहेगा। सुबह से लेकर शाम तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दिन अधिकतम तापमान घटकर 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 30 जून को हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन इस दिन के लिए कोई चेतावनी (वार्निंग) जारी नहीं की गई है। वहीं 1 जुलाई को भी गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, मगर इस दिन भी कोई चेतावनी नहीं दी गई है। 2 और 3 जुलाई को भी बारिश या गरज-चमक संभव है, लेकिन इन दोनों दिनों के लिए “नो वार्निंग” की स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में पूरे सप्ताह के दौरान तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। जहां सप्ताह की शुरुआत में अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच रहा है, वहीं सप्ताह के अंत तक यह 33-34 डिग्री तक आ सकता है। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री की गिरावट के साथ 26 डिग्री तक आ सकता है। इससे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। -(IANS)

RELATED ARTICLES

20/05/26 | 10:09 am | Delhi Heatwave 2026

एनसीआर तपिश की चपेट में: भीषण गर्मी और लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट, 25 मई तक राहत के आसार नहीं

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मौसम विभाग द्वारा 25 मई...

24/12/25 | 12:20 pm | Chillai Kalan Winter Kashmir

जम्मू-कश्मीर में ठंड का कहर, गुलमर्ग-पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे

जम्मू और कश्मीर में बुधवार को श्रीनगर शहर में रात का तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से ऊपर रहा, जबकि गुलम...