प्रतिक्रिया | Sunday, July 06, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

11/05/24 | 11:36 am | delhi storm

printer

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रात को आंधी-तूफान में दो की मौत, 23 लोग घायल

दिल्ली-एनसीआर में बीते शुक्रवार देर रात अचानक मौसम खराब हो गया। धूल भरी तेज आंधी और तूफान ने लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया। इसकी चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इस दौरान दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में जनजीवन थम गया।

दिल्ली के अधिकांश इलाकों में बड़ी संख्या में पेड़ जड़ से उखड़ गए। हाउसिंग सोसाइटीज एरिया भी इससे अछूते नहीं रहे। पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं। कई जगह हवा टिन-टप्पर उड़ा ले गई। दिल्ली पुलिस मुख्यालय के मुताबिक पुलिस को पेड़ गिरने की 152, मकानों में दरार आने की 55, बिजली के तार टूट कर गिरने की 202 कॉल मिलीं।

पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। आंधी-तूफान के दौरान भवनों के क्षतिग्रस्त होने से 17 लोग घायल हो गए। दमकल विभाग के अनुसार उन्हें बीती देर रात तेज आंधी के दौरान करीब 130 कॉल मिलीं।

इन इलाकों में हुई परेशानी

पूर्वी जिलों के तमाम इलाकों में तेज हवा और तूफान की वजह से पेड़ गिरने, पेड़ों की बड़ी टहनियों के टूटने और टिन आदि उड़ने की घटनाएं सामने आई हैं। इसकी वजह से सोसाइटीज की सुरक्षा में तैनात गार्ड आदि को ज्यादा परेशानियां झेलनी पड़ी हैं। उन इलाकों में पेड़ आदि के टूटने की समस्या ज्यादा आई है जहां पर एरिया खुला और हरा भरा है। शाहदारा, अशोक नगर, एलआईजी फ्लैट्स, लोनी रोड, गोकलपुरी, ज्योति कालोनी, सबोली, मंडोली, हर्ष विहार, नंद नगरी, विश्वास नगर, कृष्णा नगर, वेलकम, खजूरी, सोनिया विहार के अलावा द्वारका मोड में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आगंतुकों: 32132679
आखरी अपडेट: 6th Jul 2025