केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास एवं संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार, 9 जुलाई को त्रिपुरा के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अगरतला के हापानिया स्थित इंटरनेशनल फेयर ग्राउंड में आयोजित त्रिपुरा बिजनेस कॉन्क्लेव 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में वह उद्योग जगत, निवेशकों, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं को संबोधित करेंगे। यह आयोजन राज्य में औद्योगिक निवेश को नई गति देने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक्ट ईस्ट’ विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
औद्योगिक निवेश को मिलेगा बढ़ावा
त्रिपुरा बिजनेस कॉन्क्लेव 2026 का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करना, व्यापार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजारों से जोड़ना है। सम्मेलन के माध्यम से राज्य की औद्योगिक संभावनाओं को निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं पर रखेंगे विचार
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस अवसर पर निवेश, कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक विकास और पूर्वोत्तर की आर्थिक क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं और भावी रोडमैप पर अपने विचार साझा करेंगे। उनके संबोधन में पूर्वोत्तर क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने और विकास परियोजनाओं को गति देने पर विशेष जोर रहने की संभावना है।
‘एक्ट ईस्ट’ विजन को मिलेगी नई गति
केंद्रीय मंत्री का यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक्ट ईस्ट’ विजन और ‘विकसित पूर्वोत्तर’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। केंद्र सरकार आधारभूत संरचना, संचार कनेक्टिविटी, उद्योग, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देकर पूर्वोत्तर को देश की विकास यात्रा का सशक्त ग्रोथ इंजन बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
राइजिंग नॉर्थ ईस्ट समिट के निवेश प्रस्तावों को मिलेगी रफ्तार
मई 2025 में नई दिल्ली में आयोजित राइजिंग नॉर्थ ईस्ट इन्वेस्टर्स समिट 2025 के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें अकेले त्रिपुरा के लिए लगभग 23,867 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव शामिल थे। सम्मेलन के दौरान कई महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे, जिनमें से अनेक परियोजनियां अब क्रियान्वयन के चरण में पहुंच चुकी हैं।
कॉन्क्लेव का लक्ष्य निवेश से रोजगार तक
अगरतला में आयोजित त्रिपुरा बिजनेस कॉन्क्लेव 2026 को इसी प्रक्रिया की अगली महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। इसका उद्देश्य निवेश प्रस्तावों के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाना, नए निवेश आकर्षित करना तथा राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई रफ्तार देना है। (इनपुट: पीआईबी)


