अजमेर स्थित ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में चल रहे 814वें सालाना उर्स के अवसर पर सोमवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू अजमेर पहुंचे और परंपरागत तरीके से दरगाह शरीफ में चादर चढ़ाई।
चादरपोशी के बाद किरेन रिजिजू ने एक पोस्ट के माध्यम से दिया यह संदेश
चादरपोशी के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ख्वाजा गरीब नवाज के 814वें उर्स के शुभ अवसर पर, मुझे अजमेर की दरगाह शरीफ जाने और पवित्र मजार पर चादर चढ़ाने का सौभाग्य मिला। मैंने सभी के अमन, चैन और भाईचारे के लिए दुआ की। ख्वाजा साहब का प्यार, करुणा और मानवता की निस्वार्थ सेवा का शाश्वत संदेश हमारे साझा मूल्यों को रोशन करता रहेगा और एकता की भावना को मजबूत करेगा।
बड़ी संख्या में तैनात रहा पुलिस बल
कार्यक्रम को लेकर दरगाह परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। चादर पेश करने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, मंत्री सुरेश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि महफिलखाने पहुंचे। यहां दरगाह दीवान के पुत्र नसरुद्दीन चिश्ती ने उनका स्वागत किया और उर्स की मुबारकबाद दी। इस दौरान देश में शांति, सद्भाव और खुशहाली की दुआ मांगी गई। खादिमों की ओर से दस्तारबंदी कर तबर्रुक भी भेंट किया गया।
चांद नजर आने के साथ ही रविवार से 814वें उर्स की शुरुआत
चांद नजर आने के साथ ही रविवार से 814वें उर्स की शुरुआत हो चुकी है। उर्स के चलते देश-विदेश से लाखों की संख्या में जायरीन अजमेर दरगाह पहुंच रहे हैं। उर्स के विशेष अवसर पर जन्नती दरवाजा भी जायरीन के लिए खोला गया है, जो सामान्य दिनों में बंद रहता है। (इनपुट-एजेंसी)


