Print

बलिदान दिवस पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को केंद्रीय मंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

प्रखर राष्ट्रवादी एवं शिक्षाविद् और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. मुखर्जी के बलिदान दिवस (पुण्यतिथि) पर मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए याद किया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, “राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनके बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि। प्रखर राष्ट्रवादी एवं शिक्षाविद् और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक अस्मिता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण हेतु अविस्मरणीय योगदान दिया। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का उनका संकल्प, साहस और बलिदान आज भी करोड़ों देशवासियों को प्रेरित करता है।”

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, “देश की एकता और अखंडता के प्रखर उपासक, जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के अग्रदूत डॉ. मुखर्जी ने जहां कश्मीर में ‘दो विधान, दो प्रधान और दो निशान’ का मुखर विरोध किया, वहीं बंगाल भारत का ही हिस्सा रहे, इसके लिए भी संघर्ष किया। आज उनकी जन्मभूमि राष्ट्रप्रथम का संकल्प लेकर देश की सुरक्षा और अपनी विरासत की रक्षा की दिशा में आगे बढ़ रही है। कश्मीर से लेकर बंगाल तक, राष्ट्रनिर्माण के एकसूत्र में बंधकर यह देश उनके पदचिह्नों पर आगे बढ़ता रहेगा।”

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा, “‘एक देश में दो निशान, दो प्रधान और दो विधान नहीं चलेंगे’ का उद्घोष कर मां भारती की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों को न्योछावर कर देने वाले प्रखर राष्ट्रवादी विचारक, महान शिक्षाविद, जनसंघ के संस्थापक तथा हमारे पथ प्रदर्शक श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उनके चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं! श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रभक्ति की अमिट गाथा है। आज, जब हम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की दिशा में अग्रसर हैं, तब हर कदम पर उनका स्मरण हमें शक्ति, प्रेरणा और मार्गदर्शन प्रदान करता है। राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए समर्पित उनका सम्पूर्ण जीवन और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणादायी है। ऐसे महान राष्ट्रनायक के चरणों में बारंबार प्रणाम!”

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर पोस्ट किया, “राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के बलिदान दिवस पर उन्हें शत्-शत् नमन। उनका त्याग, राष्ट्रनिष्ठा और एकात्म भारत का संकल्प हम सभी को सदैव प्रेरित करता रहेगा।”

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा, “भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सत्ता का त्याग कर देश की एकता और अखंडता के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। देश के प्रति उनके बलिदान का हमेशा स्मरण किया जाएगा।”

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर पोस्ट किया, “मां भारती के महान सपूत, भारत की एकता और अखंडता हेतु अपना जीवन होम कर देने वाले, भारतीय जनसंघ के संस्थापक, अद्वितीय शिक्षाविद् एवं प्रखर राष्ट्रवादी, श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मैं उन्हें कोटि-कोटि नमन अर्पण करता हूं। डॉ. मुखर्जी ने ‘एक निशान, एक विधान, एक प्रधान’ का प्रखर उद्घोष कर जम्मू-कश्मीर को देश का अभिन्न अंग बनाने के संघर्ष में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। देश की एकता और अखंडता के लिए जब-जब संघर्ष की गाथाएं लिखी जाएंगी, तब-तब उनका नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित होगा।”

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने एक्स पर लिखा, “प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, जनसंघ के संस्थापक श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटिशः नमन करता हूं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, त्याग और अटल संकल्प का जीवंत उदाहरण है। ‘एक राष्ट्र, एक निशान, एक विधान’ के उनके संकल्प ने उन्हें न केवल एक विचारक बनाया, बल्कि राष्ट्र की रक्षा हेतु समर्पित एक सत्यनिष्ठ सेवक भी बनाया। भारतीय जनसंघ से लेकर आज की भाजपा तक सांस्कृतिक राष्ट्रवाद उनकी दूरदर्शिता का प्रमाण और असल निष्ठा का प्रतिफल है। उनकी शिक्षाएं और आदर्श हम सभी कोटिशः भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रकाशस्तम्भ रहेंगे।”

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक्स पर पोस्ट किया, “प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, महान शिक्षाविद् एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव के लिए अपना जीवन समर्पित कर देने वाले श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का त्याग, संघर्ष और राष्ट्रनिष्ठा सदैव हम सभी का मार्गदर्शन करती रहेंगी। ‘एक निशान, एक प्रधान, एक विधान’ के संकल्प के साथ उन्होंने देशहित में जो अद्वितीय योगदान दिया, वह भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा।” (इनपुट-आईएएनएस)

 

 

RELATED ARTICLES

1 hour ago | BRICS Summit

ब्रिक्स सम्मेलन के लिए दिल्ली में चाक-चौबंद सुरक्षा, 700 से अधिक सीसीटीवी से निगरानी

राजधानी दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम ...

2 hours ago | BRICS Summit

BRICS Summit : 7 साल बाद भारत आ रहे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, दो दिवसीय समिट में लेंगे भाग

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज शनिवार को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में...