केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा-सरकार महंगाई को लेकर संवेदनशील, रख रही खाद्य महंगाई पर नजर

केंद्रीय उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने मंगलवार को कहा कि खुदरा महंगाई बढ़कर 4.8 प्रतिशत होना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल के कार्यकाल में सबसे अधिक है। उन्होंने महंगाई बढ़ने के लिए अल नीनो और अन्य कारकों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इसे नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सरकार के सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ने के कारण अगस्त में खुदरा महंगाई बढ़कर 4.82 प्रतिशत हो गई। केंद्रीय मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं केवल इतना कह सकता हूं कि मैं इस मुद्दे को लेकर बहुत संवेदनशील हूं, क्योंकि हमारा विभाग खुद खाद्य महंगाई पर नजर रखता है। हम इस मामले को लेकर बहुत संवेदनशील हैं।’’

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की कोशिश सफल नहीं होगी, क्योंकि मौजूदा 4.8 प्रतिशत खुदरा महंगाई मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में सबसे अधिक है।

जोशी ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने से पांच-छह महीने पहले तक देश में खुदरा महंगाई करीब एक से डेढ़ प्रतिशत थी। अब अल नीनो और प्राकृतिक आपदाओं सहित अन्य कारणों से खुदरा महंगाई बढ़कर 4.8 प्रतिशत हो गई है।’’

उन्होंने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल की महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के मार्गदर्शन में आठ साल से अधिक समय तक महंगाई करीब 10 प्रतिशत या उससे अधिक रही और कभी दहाई अंक से नीचे नहीं आई।

जोशी ने कहा, ‘‘आज ये लोग 4.8 प्रतिशत की बात कर रहे हैं। हम भी इस 4.8 प्रतिशत को लेकर बहुत संवेदनशील हैं और इसे नियंत्रित करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन अंतरराष्ट्रीय समस्याएं और प्राकृतिक समस्याएं या प्राकृतिक आपदाएं इसके लिए जिम्मेदार हैं।’’

इस बीच, जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले एक महीने के ‘सेवा संकल्प अभियान’ में लोगों की भागीदारी की अपील की। यह अभियान मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए जनता से विचार और सुझाव लिए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री कहा कि किसी सरकार के शीर्ष पद पर मोदी का 25 वर्ष पूरा करना अपने आप में एक रिकॉर्ड है। जोशी ने कहा कि लगातार और अथक प्रयासों तथा कड़ी मेहनत के जरिये मोदी ने न केवल खुद चुनाव जीते, बल्कि पहले मुख्यमंत्री और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में पार्टी को भी जीत दिलाई।(भाषा)

RELATED ARTICLES

28 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

1 hour ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...