अमेरिकी अधिकारियों का भारत दौरा शुरू, विदेश सचिव विक्रम मिस्री से विदेश कार्यालय में होगी बातचीत

अमेरिका के राजनीतिक मामलों की अवर सचिव एलिसन हुकर अपने आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंची हैं। सोमवार से उनके दौरे की औपचारिक शुरुआत हुई। इस दौरान वह भारत के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और इंडो-पैसिफिक में साझेदारी को मजबूत करने जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करेंगी। इन बैठकों में विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ होने वाला विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) भी शामिल है।

हुकर का यह दौरा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मजबूत द्विपक्षीय साझेदारी और स्वतंत्र, खुले इंडो-पैसिफिक की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में सहायक

भारत में अमेरिकी दूतावास ने कहा कि हुकर का यह दौरा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मजबूत द्विपक्षीय साझेदारी और स्वतंत्र, खुले इंडो-पैसिफिक की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में सहायक होगा। अमेरिकी दूतावास द्वारा जारी बयान में कहा गया, “अमेरिकी मिशन को अवर सचिव एलिसन हुकर का भारत में स्वागत करते हुए खुशी है। जैसे-जैसे हम आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अमेरिका-भारत संबंधों को आगे बढ़ा रहे हैं, उनका यह दौरा अमेरिकी राष्ट्रपति की मजबूत अमेरिका-भारत साझेदारी और स्वतंत्र एवं मुक्त इंडो-पैसिफिक की प्राथमिकताओं को आगे ले जाने में मदद करेगा।”

अमेरिका-भारत अनुसंधान साझेदारी में नवाचार को बढ़ावा देने और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा

दूतावास के अनुसार, नई दिल्ली के अलावा एलिसन हुकर बेंगलुरु भी जाएंगी। बेंगलुरु में वह इसरो का दौरा करेंगी और भारतीय अंतरिक्ष, ऊर्जा तथा तकनीक क्षेत्रों के नेताओं से मुलाकात कर अमेरिका-भारत अनुसंधान साझेदारी में नवाचार को बढ़ावा देने और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा करेंगी। इससे पहले अमेरिकी दूतावास ने कहा था कि अवर सचिव का यह दौरा अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने, आर्थिक एवं व्यावसायिक संबंधों को गहरा करने, अमेरिकी निर्यात बढ़ाने, तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरिक्ष अन्वेषण सहित उभरती तकनीकों में सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा।

3 दिसंबर को भारत-अमेरिका संयुक्त कार्य समूह (JWG) की 21वीं बैठक और सातवां पदनाम संवाद आयोजित

3 दिसंबर को भारत और अमेरिका के बीच आतंकवाद पर रोक लगाने के लिए भारत-अमेरिका संयुक्त कार्य समूह (JWG) की 21वीं बैठक और सातवां पदनाम संवाद आयोजित किया गया था। भारत की ओर से विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (आतंकवाद-निरोधक) डॉ. विनोद बहाडे और अमेरिका की ओर से विदेश विभाग के आतंकवाद निरोधक ब्यूरो की वरिष्ठ अधिकारी मोनिका जैकब्स ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व किया।

बैठकों में आतंकवाद का मुकाबला करने में द्विपक्षीय सहयोग के महत्व पर जोर

बैठकों में आतंकवाद का मुकाबला करने में द्विपक्षीय सहयोग के महत्व पर जोर दिया गया, जो भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की भावना को दर्शाता है। दोनों पक्षों ने सीमा पार आतंकवाद सहित सभी रूपों में आतंकवाद की कड़ी निंदा की।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और दिल्ली के लाल किले के पास हुए बम विस्फोट की भी कड़ी निंदा

उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और दिल्ली के लाल किले के पास हुए बम विस्फोट की भी कड़ी निंदा की। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि आतंकवाद के लिए जिम्मेदार लोगों को हर हाल में जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

14 hours ago | Anak Krakatau Volcano Eruption

ज्वालामुखी विस्फोट से मची अफरा-तफरी, राख के कारण जकार्ता एयरपोर्ट की उड़ानें प्रभावित

इंडोनेशिया में जकार्ता के पास स्थित सोएकार्नो-हट्टा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को रविवार तड़के...

16 hours ago | Jared Kushner Putin Meeting

पुतिन और अमेरिकी प्रतिनिधियों की अहम बैठक, यूक्रेन संघर्ष के मूल कारणों पर हुई चर्चा

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी दूत स्टीव विटकोफ और जेरेड कुशनर के साथ मॉस्को में...

18 hours ago | IIT Madras Javier Bettel Visit

लक्जमबर्ग के उप-प्रधानमंत्री जेवियर बेटेल आएंगे भारत, जयशंकर से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

विदेश मंत्रालय ने शनिवार को पुष्टि की कि लक्जमबर्ग के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश और विदेश व्याप...