अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए कहा कि वह हालात को शांत करने में किसी भी तरह की मदद के लिए तैयार हैं। उन्होंने दोनों देशों से संयम बरतने और विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाने की अपील की। गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा गया है। इसी हमले के जवाब में भारत ने बुधवार को पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में आतंकवादी ठिकानों पर हवाई हमले किए।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “यह बहुत ही भयानक है, मेरी स्थिति यह है कि मैं दोनों से अच्छे संबंध रखता हूं। मैं दोनों देशों को अच्छी तरह जानता हूं और चाहता हूं कि वे इस संकट को सुलझाएं। उन्होंने एक-दूसरे को जवाब दे दिया है, अब उन्हें रुक जाना चाहिए। अगर मैं कुछ भी मदद कर सकता हूं, तो मैं मदद करूंगा।”
उन्होंने आगे कहा, “हम भारत और पाकिस्तान, दोनों के साथ अच्छे संबंध रखते हैं और मैं चाहता हूं कि यह जल्द से जल्द खत्म हो।”
इसी दिन अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी भारत-पाक तनाव पर बयान जारी किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं भारत और पाकिस्तान के बीच की स्थिति पर करीब से नजर रख रहा हूं। मैं राष्ट्रपति ट्रंप की टिप्पणी से सहमत हूं कि यह तनाव जल्दी खत्म हो और हम भारतीय और पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ शांतिपूर्ण समाधान के लिए लगातार संवाद करते रहेंगे।”
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्हें भारत के हमलों की जानकारी उस समय मिली जब वे ओवल ऑफिस में प्रवेश कर रहे थे। उन्होंने कहा, “हमें इसके बारे में अभी-अभी पता चला। लोग अनुमान लगा रहे थे कि कुछ बड़ा होने वाला है, क्योंकि इस क्षेत्र में लंबे समय से तनाव चल रहा है। मैं चाहता हूं कि यह बहुत जल्दी खत्म हो।”-(ANI)


