उत्तराखंड : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरबंश कपूर स्मृति सामुदायिक भवन का किया उद्घाटन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रविवार को देहरादून के गढ़ी कैंट क्षेत्र स्थित छावनी परिषद कार्यालय के पास हरबंश कपूर स्मृति सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। यह भवन मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) द्वारा 12.51 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता हरबंश कपूर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन सेवा, विकास और जनकल्याण को समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने एमडीडीए को निर्देश दिया कि सामुदायिक भवन के संचालन के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) बनाया जाए ताकि यह भवन आम जनता को उचित दरों पर उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना की वीरता की सराहना करते हुए कहा कि सेना ने पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों का मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ‘राष्ट्र प्रथम’ की नीति पर चल रही है।

राज्य के विकास पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हर क्षेत्र में प्रगति कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में 23,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और यह प्रक्रिया भविष्य में भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में पहली बार समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) को लागू कर ऐतिहासिक कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की विफलताओं के कारण देवभूमि की जनसंख्या संरचना में बदलाव आ रहा था, जिसे रोकने के लिए सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं।

देहरादून के विकास पर बोलते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शहर को आधुनिक और विकसित बनाने के लिए लगभग 1400 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इसमें ट्रैफिक और पार्किंग की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए योजनाएं बन रही हैं और रिस्पना तथा बिंदाल नदियों पर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना भी तैयार की जा रही है। इसके अलावा देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड रोड और सोंग डैम परियोजना पर भी कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में चारधाम यात्रा चल रही है और सरकार यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।-(ANI)