उत्तराखंड CMO ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की और उत्तराखंड जिले के धराली क्षेत्र में हाल ही में आई आपदा और राहत एवं बचाव कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
वहीं, सीएम धामी उत्तरकाशी के धराली गांव के लिए रवाना हुए, जहां कल मंगलवार को बादल फटने की घटना हुई थी।
बातचीत के दौरान, मुख्यमंत्री धामी ने पीएम मोदी को बताया कि राज्य सरकार पूरी तत्परता से राहत एवं बचाव कार्यों में लगी हुई है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में कठिनाइयां आ रही हैं लेकिन सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं ताकि प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता मिल सके ।
धराली में कल बादल फटने और अचानक आई बाढ़ के बाद जानमाल की बहुत हानि हुईं है। वहीं, भटवारी क्षेत्र में सड़क क्षतिग्रस्त हो गई और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। उत्तरकाशी-हर्षिल मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध सड़कों को जेसीबी की मदद से साफ किया जा रहा है।
दूसरी ओर धराली के खीरगाढ़ में हुए विनाशकारी भूस्खलन के बाद, 14वीं RAJRIF के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हर्षवर्धन, 150 कर्मियों के साथ महत्वपूर्ण बचाव और राहत कार्यों में लगे हुए हैं। यूनिट के बेस के बुरी तरह प्रभावित होने और 11 कर्मियों के लापता होने की आशंका के बावजूद, टीम अटूट दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है। अब तक 20 लोगों को बचाया जा चुका है।
इस बीच, बचाव कार्यों में अतिरिक्त टुकड़ियां भेजी जा रही हैं । (ANI)


