वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बापू की स्थायी विरासत को नमन करते हुए कहा कि गांधी के आदर्श आज भी भारत-वेनेजुएला संबंधों के लिए प्रासंगिक हैं।
भारत के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर लिखा, “बापू की स्थायी विरासत को नमन” करते हुए रोड्रिगेज ने राजघाट पर श्रद्धांजलि दी। मंत्रालय ने कहा कि गांधीजी के विचार दोनों देशों की साझेदारी को प्रेरित करते हैं।
पीएम मोदी से हुई द्विपक्षीय बैठक
इससे पहले बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेल्सी रोड्रिगेज के साथ विस्तृत द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, ऑटोमोबाइल और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
बैठक में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और नए सहयोग क्षेत्रों की पहचान पर जोर दिया। वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने “ग्लोबल साउथ” के हितों को मजबूत करने और विकासशील देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
यात्रा का उद्देश्य
रोड्रिगेज पांच दिवसीय भारत दौरे पर हैं। उनकी इस यात्रा के दौरान वेनेजुएला का प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा, फार्मा और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों से जुड़े स्थानों का भी दौरा कर रहा है, ताकि तकनीकी और औद्योगिक सहयोग के नए अवसर तलाशे जा सकें।
भारत और वेनेजुएला के बीच हाल के वर्षों में विशेष रूप से ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ा है। दोनों देश वैश्विक मंचों पर ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने के पक्षधर हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। (इनपुट-एजेंसी)


