युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत (माई भारत) की ओर से आयोजित देशव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद : नो योर वोट’ अभियान गुरुवार को संपन्न हो गया। इस अभियान के तहत 31 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 536 युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 1,00,493 युवाओं और 536 युवा आइकन्स ने भाग लिया। अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदान के अधिकार, चुनावी प्रक्रिया और लोकतंत्र में जिम्मेदार भागीदारी के प्रति जागरूक करना था।
यह अभियान 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चलाया गया। इसके तहत देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया था। अभियान के अंतिम दिन 28 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 123 युवा संवाद आयोजित किए गए, जिनमें 22,588 युवाओं और 123 युवा आइकन्स ने हिस्सा लिया।
अभियान में राज्यपालों, केंद्रीय मंत्रियों, राज्य मंत्रियों, सांसदों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ में, जबकि नगालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव ने दीमापुर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। दिल्ली में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने विद्यार्थियों से संवाद किया। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, प्रदान बरुआ, रंजीत दत्ता, रूपकुमारी चौधरी और महेश कश्यप ने भी विभिन्न राज्यों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।
कई राज्यों में खेल जगत की हस्तियों और युवा आइकन्स ने भी युवाओं से संवाद किया। पंजाब में अंतरराष्ट्रीय रग्बी खिलाड़ी अमनदीप कौर ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए और अनुशासन तथा आत्मविश्वास के निर्माण में खेलों की भूमिका बताई। रोइंग खेल से जुड़े कुलविंदर सिंह ने मोगा में विद्यार्थियों से बातचीत की। राजस्थान के जयपुर में खेल आइकन भूमिका शुक्ला ने युवाओं से संवाद किया, जबकि उत्तर प्रदेश में साइकिलिंग और खेलो इंडिया जैसी पहलों पर चर्चा की गई।
युवा संवाद कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछने, मतदान के अधिकार और नागरिक जिम्मेदारियों पर चर्चा करने तथा जनप्रतिनिधियों और युवा आइकन्स से सीधे बातचीत करने का अवसर मिला। सत्रों में प्रामाणिक स्रोतों से जानकारी की पुष्टि करने और तथ्यों के आधार पर सोच-विचार कर निर्णय लेने पर भी जोर दिया गया।
अभियान के तहत क्विज, सवाल-जवाब सत्र, लोकतांत्रिक शपथ और माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जागरूक और जिम्मेदार भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।
-(इनपुटः पीआईबी)


