Print

‘ईरान के साथ युद्ध जल्द खत्म होगा, ऊर्जा कीमतों में तेजी से आएगी गिरावट’, राष्ट्रपति ट्रंप का नया दावा

एरिजोना से मोंटाना में एक चुनावी रैली के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध बहुत जल्द खत्म हो जाएगा। उनका दावा है कि युद्ध खत्म होने के बाद तेल और ऊर्जा की कीमतों में गिरावट आएगी, जिससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा।

हालांकि, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि युद्ध कब तक खत्म होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि इस संबंध में ईरान के साथ कोई बातचीत चल रही है या नहीं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने मुख्य सैन्य लक्ष्य में सफल रहा है, जो ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना था। यह युद्ध बहुत जल्द खत्म हो जाएगा।

इससे पहले एरिजोना के बुलहेड सिटी में आयोजित एक चुनावी रैली में ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और उसके असर पर विस्तार से बात की। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी हमलों ने ईरान की सैन्य ताकत को काफी कमजोर कर दिया है, जिसमें उसकी नौसेना और वायुसेना की क्षमताएं भी शामिल हैं।

ट्रंप ने कहा क‍ि सैन्य कार्रवाई इतनी व्यापक रही कि अब अमेरिका के लिए यह तय करना मुश्किल हो गया है कि बातचीत किस ईरानी अधिकारी से की जाए। उन्होंने कहा, “शायद मैं बहुत आगे निकल गया। मुझे नहीं पता कि आखिर बात किससे करनी है।” यह टिप्पणी उन्होंने ईरानी नेतृत्व के कई स्तरों को हटाए जाने के संदर्भ में की।

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने होर्मुज स्‍ट्रेट पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया है। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जिसके जरिए बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस दुनिया भर में भेजा जाता है। उन्होंने कहा क‍ि हमने होर्मुज स्‍ट्रेट पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लिया है और इस समय वहां से पहले की तुलना में अधिक तेल बाहर जा रहा है।

राष्ट्रपति ट्रंप के मुताबिक, यह स्थिति अमेरिकी नौसैनिक अभियानों की वजह से संभव हुई है। उन्होंने इन अभियानों को ‘स्टील की दीवार’ जैसा बताया। उनका कहना था कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना इतना महत्वपूर्ण था कि इसके लिए सैन्य कार्रवाई के आर्थिक प्रभावों को भी स्वीकार किया जा सकता है।

ट्रंप ने अमेरिकी महंगाई पर भी टिप्पणी की। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने हालिया महंगाई आंकड़ों पर केविन वॉर्श से चर्चा की है, तो उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों में महंगाई दर 1.7 प्रतिशत रही है।

उन्होंने अपनी सरकार के आर्थिक प्रदर्शन को मजबूत बताते हुए कहा कि मौजूदा तेल कीमतों की तुलना अगर पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल से की जाए, तो ईरान के साथ संघर्ष के बावजूद ऊर्जा अभी भी सस्ती है। हालांकि, ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर पूछे गए सवाल का उन्होंने सीधे जवाब नहीं दिया। (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

44 mins ago | American singer Mary Millben

भारत में सीजेपी आंदोलन को मिल रही विदेशी फंडिंग: अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन 

अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में भारत में...

2 hours ago | Abdullah bin Zayed Al Nahyan

जयशंकर और यूएई के विदेश मंत्री अल-नाहयान के बीच द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा

विदेश मंत्री एस. जयशंकर आधिकारिक दौरे पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचे, जहां उन्होंने अपने सम...