प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीसरे भारत-नॉर्डिक समिट और द्विपक्षीय बैठक के लिए नॉर्वे के दौरे पर हैं। इस यात्रा को लेकर नॉर्वे में रह रहे भारतीय समुदाय में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है।
भारतीय मूल के लोगों ने पीएम मोदी के दौरे को स्वागत योग्य बताते हुए कहा कि लंबे समय के बाद भारत के प्रधानमंत्री नॉर्वे आ रहे हैं। एक भारतीय मूल के व्यक्ति ने कहा, “यह बहुत अच्छा है कि प्रधानमंत्री आ रहे हैं। वे पिछले वर्ष ही आने वाले थे, लेकिन यूक्रेन युद्ध की वजह से नहीं आ पाए थे। प्रधानमंत्री का आना हम लोगों (भारतीय समुदाय) के लिए काफी अच्छा है। पीएम मोदी काफी अच्छा काम कर रहे हैं। उनके यहां आने से हम लोगों को एकजुटता मिलेगी।”
एक अन्य भारतीय ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, “बहुत वर्षों बाद भारत के प्रधानमंत्री यहां आ रहे हैं। इस तरह की यात्रा होनी चाहिए। यह हमारे लिए और नॉर्वे के लिए अच्छा है। हम लोग प्रधानमंत्री से मिलने जाएंगे। हमें पीएम मोदी से मिलने का मौका मिलने वाला है।”
भारतीय समुदाय के एक और सदस्य ने वैश्विक ऊर्जा चुनौतियों के संदर्भ में कहा, “मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत सक्रिय हैं। ऐसे समय में जब दुनिया तेल, गैस और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है, नॉर्वे हमारा सहयोग कर सकता है। प्रधानमंत्री उसी संदर्भ में आ रहे हैं। प्रधानमंत्री अपना दायित्व अच्छे से निभा रहे हैं।”
नॉर्वे में रह रहे एक भारतीय प्रवासी ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा,“भारतीय मूल का व्यक्ति होने के नाते, यह बड़े गर्व की बात है कि 1.5 अरब भारतीयों के प्रतिनिधि नॉर्वे आ रहे हैं। काफी लंबे वक्त के बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री नॉर्वे आ रहा है। इसका साक्षी बनने का मुझे अवसर मिला है।”
प्रतिष्ठित वैश्विक कंपनी डीएनवी के भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश के कंट्री चेयर अमित मित्तल ने कहा, “मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा को लेकर नॉर्वे में काफी उत्साह है। हम लंबे समय से इस यात्रा का इंतजार कर रहे थे। आखिरकार पीएम मोदी इस साल आ रहे हैं।” (इनपुट-एजेंसी)


