प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

 

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बाद एक बार फिर मौसम बदलने की उम्मीद है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवर्ती तूफान रुमेल धीरे-धीरे मजबूत होकर पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग (आईएमडी) की तरफ से गुरुवार को दी गई जानकारी के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव बढ़ता जा रहा है और रविवार शाम तक भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में बांग्लादेश और आसपास के पश्चिम बंगाल तटों तक पहुंच जाएगी। इसके प्रभाव से तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होगी।

शनिवार सुबह चक्रवाती तूफान होगा तेज
इस प्री-मॉनसून सीजन में बंगाल की खाड़ी में यह पहला चक्रवात है। हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवातों के नामकरण की प्रणाली के अनुसार, इसे रुमेल नाम दिया गया है। यह शुक्रवार सुबह तक मध्य बंगाल की खाड़ी पर दबाव में तब्दील हो जाएगा। आईएमडी की वैज्ञानिक ने बताया कि यह शनिवार सुबह चक्रवाती तूफान में बदल कर तेज हो जाएगा और रविवार शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में बांग्लादेश और निकटवर्ती पश्चिम बंगाल तट पर पहुंच जाएगा।

26 मई को इन इलाकों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार, रविवार को चक्रवात की गति 102 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है। मौसम कार्यालय ने 26 मई को पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा, मिजोरम, त्रिपुरा और दक्षिण मणिपुर के तटीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसकी वजह से राज्य सरकार ने पहले से सावधानी बरतनी शुरू कर दी है और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में बसे लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया जा रहा है।

उत्तर भारत में मौसम का हाल
वहीं उत्तर भारत को लेकर मौसम विभाग ने कहा कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के ज्यादातर भागों और दिल्ली में कहीं-कहीं सोमवार तक भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार और सोमवार को भीषण गर्मी रहेगी। कोंकण और गोवा में आज तथा असम में कल मौसम गर्म और नरम बना रहेगा। इस बीच बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों, अंडमान-निकोबार दीप समूह के शेष भागों, अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थिति अनुकूल है।

केरल में बारिश के कारण कई इलाकों में भरा पानी
केरल में बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य में कल तक बारिश जारी रहने की संभावना है। एर्नाकुलम और त्रिशूर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय जिलों वायनाड, इडुकी और पत्तनमतिट्टा सहित 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5519606
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024