प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

Weather Alert: देश में इन हिस्सों में अभी और सताएगी गर्मी, दक्षिण के राज्यों में बारिश का अलर्ट

 

 

भारत के कई राज्यों में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। ऐसे में एक बार फिर मौसम विभाग ने देश के पश्चिमोत्तर हिस्से, उत्तरी मध्य प्रदेश और गुजरात में अगले तीन दिन तक भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया है कि 24 मई तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान है।

तापमान 45 से 47 डिग्री तक रहने का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक लू की वजह से पश्चिम भारत और उत्तर भारत में पश्चिम राजस्थान में 45 डिग्री तापमान चल रहा है। उसी के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इन सब इलाके में तापमान 45 से 47 डिग्री तक रहेगा। इसके अभी चार दिन तक ऐसे ही रहने की उम्मीद है। अगले चार दिन में, देश के पश्चिमोत्तर और मध्‍यवर्ती इलाकों के तापमान में तीन डिग्री तक की बढोतरी की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गुजरात में अधिकतम तापमान 43 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में वर्षा तेज हो गई है।

कुछ दिन तक हालात ऐसे ही रहने का अनुमान
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में चढ़ता पारा लोगों को परेशान कर रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में कुछ दिन तक हालात ऐसे ही रहेंगे। केरल सबसे गर्म राज्य रहने वाला है। सोमवार को दिल्ली में कुछ स्थानाें पर अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। आज भी ऐसे ही हालात रहेंगे। उधर, तमिलनाडु के तिरुचि और डेल्टा क्षेत्र के कई हिस्सों में सोमवार को मध्यम से भारी बारिश हुई है।

दक्षिण के कई राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने केरल में अत्यधिक भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दिन में तेज सतही हवा चलेगी, जो भीषण हीटवेव के साथ और परेशान करेंगी। इस हफ्ते शुक्रवार तक यही स्थिति बनी रहेगी। शनिवार से हीटवेव से थोड़ी राहत मिल सकती है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के ज्यादातर हिस्सों में भी लू कहर बरपाएगी। इसके अलावा दक्षिण के कई राज्यों में बारिश का अनुमान है। तटीय और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक के कुछ में भारी बारिश होगी। तमिलनाडु और केरल में भारी वर्षा होगी। विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, झारखंड, बंगाल और कर्नाटक में तेज आंधी और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है।

इस बीच तमिलनाडु के तिरुचि और डेल्टा क्षेत्र के कई हिस्सों में सोमवार को मध्यम से भारी बारिश हुई है। तिरुचि शहर में शाम को एक घंटे से अधिक समय तक बारिश हुई, जिससे कई मुख्य सड़कें जलमग्न हो गईं और यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। कैंटोनमेंट के पास सेशन कोर्ट पुलिस स्टेशन में बारिश का पानी घुस गया। भारी बारिश के बाद करूर जिले के कई घरों में पानी घुस गया।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5530822
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024